मुंबई के विरार में रहने वाले दो भाइयों के साथ दो बहनों की शादी हुई थी। अब दोनों महिलाओं ने अपने पतियों और संबंधियों पर आरोप लगाया है कि उन्होंने अपने कर्ज को चुकाने के लिए उनका यौन उत्पीड़न किया है। पीड़िता महिलाओं की शिकायत पर विरार पुलिस ने महिलाओं के पति, संबंधियों समेत कुल 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इन आरोपियों में वह लोग भी शामिल हैं, जिन्होंन महिलाओं का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया।
टीओआई की रिपोर्ट के मुताबिक, शिकायत करने वाली इन दोनों महिलाओं की उम्र 24 और 22 साल है। इन दोनों महिलाओं की शादी साल 2015 में विरार (वेस्ट) के एमबी स्टेट में रहने वाले दो भाइयों से हुई थी। पीड़िता महिलाओं ने पिछले हफ्ते पुलिस में अपनी शिकायत दर्ज करवाई थी। महिलाओं ने अपनी शिकायत में अपने पतियों, और संबंधियों पर आरोप लगाया कि उन्होंने अपने परिवार का कर्ज चुकाने के लिए उन्हें उस शख्स के साथ संबंध बनाने के लिए मजबूर किया, जिसने उन्हें कर्ज दिया था।
एक मामले में, आरोपी उन्हें वसई के एक घर में ले गया और उनके साथ दुष्कर्म किया। महिला ने बताया कि उसके पति ने 1.50 लाख रुपये का कर्ज लिया था। उसे चुकाने के बदले में उन्होंने कर्ज देने वाले को अपनी पत्नी के साथ संबंध बनाने का आॅफर दे दिया।
जबकि दूसरे महिला ने आरोप लगाया कि उन्हें कर्ज देने वाले एक रिश्तेदार ने ही उसका यौन शोषण किया जबकि पूरा परिवार मूक दर्शक बना रहा। दोनों बहनों का आरोप है कि उनके ससुराल वालों ने उन पर दबाव डाला था कि वह अपने पिता के घर से या तो पांच लाख रुपये लेकर आएं या फिर कर्ज देने वालों के साथ यौन संबंध बनाएं।
दोनों महिलाओं ने अपनी शिकायत में ये भी कहा है कि जब उनके ससुराल वालों को ये पता चला कि वह गर्भवती हैं तो उन्होंने दोनों बहनों पर जबरन दवाई खाकर गर्भपात करने का भी दबाव बनाया था। फिलहाल इस मामले में अभी किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हुई है।