नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) के वरिष्ठ नेता एकनाथ खडसे की बेटी रोहिणी खडसे पर जलगांव में हमला कर दिया गया। रोहिणी एक शादी समारोह से लौट रही थीं, उसी दौरान ये हमला किया गया। जानकारी के मुताबिक, रोहिणी खडसे चांगदेव से मुक्ताईनगर जा रही थीं, इसी दौरान 4 हमलावर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए और उनकी कार पर पथराव कर दिया।
यह हमला कताई मिल के पास किया गया। हमलावरों ने पथराव के बाद रोहिणी की कार पर रॉड से भी हमला किया, लेकिन ड्राइवर ने हिम्मत दिखाई और वह कार को खेत की ओर भगा ले गया। रोहिणी की कार पर यह हमला सोमवार रात को किया गया। एकनाथ खडसे महाराष्ट्र के बड़े नेता हैं और उनकी बेटी पर हुआ यह हमला कई सवाल खड़े करता है। इसके पीछे कौन है, हमला क्यों किया गया, ये तो अभी पता नहीं चल सका है, लेकिन पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महाराष्ट्र के बोडवाड़ नगर पंचायत चुनाव के बाद एकनाथ खडसे और मुक्ताई नगर के विधायक चंद्रकांत पाटिल के बीच जमकर तू-तू मैं-मैं हुई थी। रोहिणी खडसे ने भी पाटिल पर प्रहार करते हुए कहा था कि अगर कोई महिलाओं को प्रताडि़त कर रहा है तो वह उसे पीटे बिना नहीं जाएंगी। इसके बाद पाटिल ने एकनाथ खडसे और रोहिणी खडसे से खुद को जान का खतरा भी बताया था। हालांकि, रोहिणी खडसे की कार पर हमले के बाद पाटिल ने घटना की निंदा करते हुए कहा, ‘हम इस हमले की जांच के लिए हाई लेवल कमेटी बनाने की मांग करेंगे।’
चंद्रकांत पाटिल और रोहिणी खडसे के बीच अदावत की कहानी का एक हिस्सा और है। 2019 में जलगांव जिले की मुक्ताईनगर विधानसभा सीट पर बीजेपी नेता एकनाथ खडसे की बेटी रोहिणी खडसे को टिकट दिया था। उस वक्त एकनाथ बीजेपी में थे। मुक्ताईनगर सीट पर रोहिणी खडसे को चंद्रकांत पाटिल ने 3000 वोटों से करा दिया था। पाटिल को उस चुनाव में 88,000 से ज्यादा वोट मिले थे।
मुक्ताईनगर सीट पर एकनाथ खडसे के पास ही थी, जिन्होंने पाटिल को हराया था, लेकिन रोहिणी खडसे को पाटिल ने आसानी से मात दे दी थी। दरअसल, भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते एकनाथ खडसे को बीजेपी ने टिकट नहीं दिया था।
