मुंबई में रात भर हुई भारी बारिश के चलते पश्चिमी रेलवे की उपनगरीय सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। कई रेलवे के परिचालन को रोका गया है। रेलवे के एक शीर्ष अधिकारी ने बताया कि चर्चगेट और बोरिवली के बीच सेवाएं सामान्य हैं। उन्होंने बताया, ‘कल रात से 200 मिलिमीटर वर्षा दर्ज की गई है जिससे रेल की पटरियों में पानी भर गया है और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेल सेवाएं तब तक रोक दी गईं हैं जब तक कि पटरियों पर पानी कम नहीं हो जाता।’ अधिकारी ने बताया कि मशीनों के जरिए पटरियों से पानी हटाने का काम किया जा रहा है।
बता दें कि इन दिनों में मुंबई में भारी बारिश की वजह से आम जन जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। हालांकि बारिश से बेहार मुंबईकरों का शिवसेना विधायक सुनील प्रभु ने कथित तौर पर मजाक उड़ाया है। उन्होंने मुंबई के लोगों की परेशानी का मजाक उड़ाते हुए कथित तौर पर कहा, ‘होता रहता है।’ टाइम्स नाऊ द्वारा जारी किए एक वीडियो में विधायक कह रहे हैं, ‘मुंबई में बारिश हर समय होती है। हाई टाइड के बाद पानी निकल जाता है। 120 MM बारिश हुई है। समुद्र को जब हाई टाइड होता है तो मुंबई शहर का पानी भी नहीं निकलता है। पानी की निकासी के लिए पंप भी काम नहीं करते हैं। हाई टाइड कम होते ही बारिश का पानी निकल जाता है।’ बीबीसी हिंदी के मुताबिक, ‘हाई टाइड या उच्च ज्वार आना या समंदर का स्तर बढ़ना-घटना, चंद्रमा और सूरज से पैदा होने वाले गुरुत्वाकर्षण बल और पृथ्वी के चक्कर लगाने के संयुक्त कारणों का नतीजा है।’
LISTEN IN: Shiv Sena MLA Sunil Prabhu mocks the pain of Mumbai citizens, says ‘hota rehta hai’ #RejectHotaHaiAttitude pic.twitter.com/k7rqV6qdSR
— TIMES NOW (@TimesNow) July 10, 2018
बता दें कि हालांकि रात भर बारिश होने के बावजूद मध्य रेलवे की उपनगरीय सेवाएं सभी मार्गों पर सामान्य रूप से चल रही हैं। मध्य रेलवे ने ट्वीट कर बताया, ‘मध्य रेलवे की सभी तीनों लाइनों – मुख्य , हार्बर और ट्रांस हार्बर पर ट्रेनें सामान्य रूप से चल रही हैं।’ उसने अपने यात्रियों का धन्यवाद करने के लिए भी ट्वीट किया। भारी बारिश के बावजूद सेवाएं जारी रखने के लिए कल कई यात्रियों ने मध्य रेलवे को संदेश और ट्वीट भेज कर धन्यवाद दिया था। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बृहस्पतिवार तक भारी और भीषण बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। वहीं शहर में टिफिन सेवा देने वाले डब्बावालों ने जलभराव के मद्देनजर आज पूरे शहर में काम बंद रखने का फैसला किया है। मुंबई डिब्बवाला संगठन के प्रवक्ता सुभाष तालेकर ने कहा, ‘शहर भर में पानी भरा होने के कारण हमने आज टिफिन इकट्ठा नहीं किए। घुटनों तक भरे पानी के बीच साइकिल चलाना हमारे लोगों के लिए मुश्किल है।’