महाराष्ट्र में नए राजनीतिक संकट को खत्म करने की कोशिश के तहत महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने विद्रोही मंत्री एकनाथ शिंदे के साथ फोन पर करीब 10 मिनट तक बातचीत की। इस दौरान उन्होंने उनसे अपने फैसले पर फिर से विचार करने को कहा, लेकिन मीडिया सूत्रों के मुताबिक उद्धव ठाकरे की कोशिशों से कोई सफलता नहीं मिली। इससे पहले शिवसेना नेता मिलिंद नार्वेकर और रवि पाठक गुजरात के सूरत में ली मेरिडियन होटल में पार्टी के बगावत करने वाले नेताओं से मुलाकात की और उन्हें मनाने का प्रयास किया। दोनों नेता शिंदे से मुलाकात के बाद मुंबई के लिए रवाना हो गए हैं।

इससे पहले सुबह सरकार के कैबिनेट मंत्री और शिवसेना के वरिष्ठ नेता एकनाथ शिंदे ने पार्टी से बगावत कर दिया। शिंदे अपने समर्थक विधायकों के साथ गुजरात के सूरत में हैं। वहीं इस मामले को लेकर बीजेपी ने दावा किया है कि न तो शिंदे और न ही बीजेपी ने सरकार बनाने का प्रस्ताव भेजा है।

वहीं एकनाथ शिंदे की बगावत के बाद शिवसेना ने उन्हें विधायक दल के नेता पद से हटा दिया है, उनकी जगह अजय चौधरी को विधायक दल का नेता बनाया गया है। वहीं सरकार में शामिल एनसीपी का कहना है कि यह शिवसेना का अंदरूनी मामला है, जिसे उद्धव ठाकरे सुलझा लेंगे। उधर कांग्रेस ने अपने वरिष्ठ नेता कमलनाथ को महाराष्ट्र का पर्यवेक्षक बना दिया है, ताकि कांग्रेस विधायकों को एक साथ रखा जा सके।

एकनाथ शिंदे की बगावत के बाद उद्धव सरकार अल्पमत में आती दिख रही है। हालांकि दल-बदल विरोधी कानून से बचने के लिए शिंदे को 37 विधायकों का समर्थन अनिवार्य है। वहीं दावा किया जा रहा है कि शिंदे के साथ 20 विधायक सूरत में मौजूद हैं। बगावत के बाद शिंदे ने ट्वीट करके अपना पक्ष भी रखा है। शिंदे ने कहा कि वो सत्ता के लिए कभी धोखा नहीं देंगे। उन्होंने कहा वे कट्टर शिवसैनिक हैं और शिवसेना के संस्थापक बालासाहेब ने उन्हें हिंदुत्व की शिक्षा दी।

Live Updates

महाराष्ट्र में शिवसेना के वरिष्ठ नेता एकनाथ शिंदे की बगावत के बाद उद्धव सरकार खतरे में आ गई है। शिंदे इस समय सूरत में मौजूद हैं। जानिए महाराष्ट्र के राजनीतिक घटनाक्रम पर पल पल का अपडेट्स

20:52 (IST) 21 Jun 2022
महाविकास अघाड़ी की बैठक रात साढ़े नौ बजे होगी

महाराष्ट्र में सियासी संकट के बीच महाविकास अघाड़ी की बैठक बुलाई गई है। बैठक रात साढ़े नौ बजे होगी। इसमें गठबंधन के तीनों दल के नेता शामिल होंगे। इससे पहले सीएम उद्धव ठाकरे ने अपनी पार्टी शिवसेना की बैठक बुलाई है। यह साढ़े सात बजे होगी।

20:32 (IST) 21 Jun 2022
विपक्ष की सरकार गिराने का यह भाजपा का पैटर्न है: कांग्रेस नेता नितिन राउत

कांग्रेस नेता नितिन राउत ने कहा, "विपक्ष शासित राज्यों में सरकारों को गिराने का प्रयास करना भाजपा का पैटर्न है। चाहे वह ईडी, सीबीआई या किसी भी माध्यम का उपयोग कर रहा हो ... वे महाराष्ट्र में सरकार को खत्म करने की जल्दबाजी में हैं, लेकिन सफल नहीं होंगे।"

20:24 (IST) 21 Jun 2022
महाराष्ट्र सरकार के तीन मंत्री एकनाथ शिंद के साथ

शिवसेना के नेतृत्व वाली महा विकास अघाड़ी (एमवीए) सरकार के कम से कम तीन मंत्री उन 30 विधायकों में शामिल हैं, जो शिवसेना मंत्री एकनाथ शिंदे के साथ होटल में डेरा डाले हुए हैं, जो विद्रोह का संकेत दे रहे हैं। यह शिवसेना को तोड़ सकता है और संभवतः राज्य में उद्धव ठाकरे सरकार के पतन का कारण बन सकता है।

19:51 (IST) 21 Jun 2022
दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में बीजेपी संसदीय बोर्ड की बैठक शुरू

दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में बीजेपी संसदीय बोर्ड की बैठक शुरू हो गई है। बैठक में पीएम नरेंद्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और अन्य लोग मौजूद हैं।

19:44 (IST) 21 Jun 2022
शिंदे से हुई बातचीत को सीएम से साझा करेंगे शिवसेना नेता: राउत

शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा कि शिवसेना नेता मिलिंद नार्वेकर और रवींद्र फाटक एकनाथ शिंदे के साथ हुई बातचीत के बारे में सीएम उद्धव ठाकरे को बताएंगे।

19:26 (IST) 21 Jun 2022
भाजपा उन सभी राज्यों में 'ऑपरेशन कमल' खेल रही जहां विपक्ष है: एचके पाटिल

महाराष्ट्र में राजनीतिक संकट पैदा होने पर राज्य कांग्रेस प्रभारी एचके पाटिल ने मुंबई कहा, "मैं अपने नेताओं के संपर्क में हूं..हमारे कांग्रेस विधायक बरकरार हैं, चिंता की कोई बात नहीं है। आज हम एक बैठक करने जा रहे हैं ... बीजेपी उन सभी राज्यों में 'ऑपरेशन कमल' खेल रही है जहां विपक्ष है|

19:10 (IST) 21 Jun 2022
शिवसेना नेता संजय राउत बोले- बागियों से बात हुई है, सब ठीक हो जाएगा

महाराष्ट्र के राजनीतिक हालात पर शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा, "हमारे दो लोग सूरत गए थे। एकनाथ शिंदे से बातचीत हुई है। वे हमारे पुराने दोस्त हैं। सब जानते हैं कि हमने भाजपा क्यों छोड़ी और एकनाथ शिंदे भी इसके गवाह हैं।" उन्होंने उम्मीद जताई कि सब कुछ ठीक हो जाएगा।

18:50 (IST) 21 Jun 2022
शिवसेना ने विधानसभा उपाध्यक्ष को सौंपा विधायक दल के नए नेता का नाम

शिवसेना नेताओं ने महाराष्ट्र विधानसभा के उपाध्यक्ष नरहरि जिरवाल से मुलाकात की और उन्हें एक पत्र सौंपा जिसमें एकनाथ शिंदे को विधायक दल के नेता के पद से हटाने और उनकी जगह अजय चौधरी को शिवसेना विधायक दल का नेता बनाने का अनुरोध किया गया था।

17:40 (IST) 21 Jun 2022
हालात बता रहे हैं कि महा विकास अघाड़ी के विधायक नाराज हैं: केंद्रीय मंत्री

महाराष्ट्र की राजनीतिक स्थिति पर केंद्रीय मंत्री भागवत कराड ने गांधीनगर में कहा, "मुझे सुबह पता चला कि कुछ विधायक सूरत आए हैं। मैं उनमें से किसी से नहीं मिला, लेकिन जिस तरह से बीजेपी को राज्यसभा और एमएलसी चुनावों में वोट मिले, उससे पता चलता है कि महा विकास अघाड़ी के विधायक नाराज हैं।

17:32 (IST) 21 Jun 2022
सत्ता की भूखी है भाजपा: हरीश रावत

कांग्रेस के हरीश रावत ने आज शिवसेना के एकनाथ शिंदे और कुछ अन्य लोगों के गायब होने के बाद महाराष्ट्र में पैदा हुए राजनीतिक संकट पर कहा, "महाराष्ट्र में जिस तरह से सरकार गिराने के प्रयास किए जा रहे हैं, उससे पता चलता है कि भाजपा सत्ता की भूखी है।"

17:22 (IST) 21 Jun 2022
बालासाहेब थोराट के इस्तीफे की खबर को बताया गलत

महाराष्ट्र कांग्रेस ने साफ किया है कि विधायक दल के नेता बालासाहेब थोराट के पार्टी विधायक दल के नेता पद से इस्तीफे से जुड़ी खबर गलत है। वह अपने आवास से ही पूरे हालात पर नजर रख रहे हैं।

17:15 (IST) 21 Jun 2022
सभी विधायक प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले के संपर्क में हैं : कांग्रेस

महाराष्ट्र कांग्रेस ने दावा किया है कि पार्टी के सभी विधायक प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले और विधायक दल के नेता बालासाहेब थोराट के संपर्क में हैं और विधायकों के नहीं पहुंचने की जो भी खबर है, वह पूरी तरह निराधार है।

16:51 (IST) 21 Jun 2022
दीपेंद्र हुड्डा का दावा

कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा ने कहा- "हमारी सरकार महाराष्ट्र में मजबूत है, सभी कांग्रेस विधायक और हमारा गठबंधन दृढ़ है। जहां तक ​​शिवसेना का सवाल है, उनके प्रमुख उद्धव ठाकरे सफलतापूर्वक समाधान निकालेंगे..."

16:28 (IST) 21 Jun 2022
संजय राउत का बीजेपी पर निशाना

शिवसेना सांसद संजय राउत ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उद्धव ठाकरे सरकार को "मध्य प्रदेश और राजस्थान की तरह ही" गिराने की साजिश रची गई है। उन्होंने कहा- "शिवसेना वफादारों की पार्टी है। हम ऐसा नहीं होने देंगे।"

16:27 (IST) 21 Jun 2022
शरद पवार ने क्या कहा

शिवसेना की सहयोगी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार ने कहा है कि उन्हें ठाकरे पर पूर्ण विश्वास है और उन्होंने आश्वासन दिया कि इस स्थिति से बाहर निकलने का रास्ता निकाला जाएगा। पवार ने यह भी कहा कि यह शिवसेना का आंतरिक मामला है।

16:26 (IST) 21 Jun 2022
अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी, हम स्थिति पर नजर रख रहे हैं: महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष

महाराष्ट्र में जारी राजनीतिक उथल-पुथल के बीच राज्य भाजपा प्रमुख चंद्रकांत पाटिल ने कहा- "अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी, हम फिलहाल इंतजार कर रहे हैं और स्थिति पर नजर रख रहे हैं। न ही एकनाथ शिंदे ने भाजपा को सरकार बनाने का प्रस्ताव भेजा है और न ही भाजपा ने उन्हें कोई प्रस्ताव भेजा है"।

16:25 (IST) 21 Jun 2022
एचके पाटिल ने आज शाम 5:30 बजे मुंबई में कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई

एआईसीसी महाराष्ट्र प्रभारी एचके पाटिल ने आज शाम 5:30 बजे मुंबई में कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई है। इस बैठक में आज के राजनीतिक घटनाक्रम पर चर्चा की जाएगी।

16:24 (IST) 21 Jun 2022
शिवसेना विधायक दल के नेता पद से हटाए गए एकनाथ शिंदे

एकनाथ शिंदे को महाराष्ट्र विधानसभा में शिवसेना विधायक दल के नेता पद से हटा दिया गया है। इनकी जगह अजय चौधरी को ये जिम्मेदारी दी गई है।

एकनाथ शिंदे शिवसेना के वरिष्ठ नेता और उद्धव सरकार में कैबिनेट मंत्री भी हैं। शिवसेना ने विधानसभा में विधायक दल का नेता भी उन्हें ही बना रखा था। इस बगावत के बाद शिवसेना ने एकनाथ शिंदे को विधायक दल के नेता पद से हटा दिया है। वहीं महाराष्ट्र विधानसभा में समीकरण की बात करें तो शिवसेना के पास 55, एनसीपी के पास 53 और कांग्रेस के पास 44 विधायक हैं। भाजपा के पास 106 विधायक हैं। छोटे दलों और निर्दलीय विधायकों की ताकत 29 है। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के समय शिवसेना और बीजेपी का गठबंधन था। इसी गठबंधन को बुहमत भी मिली थी, जीत के बाद शिनसेना ने दावा किया कि उसे मुख्यमंत्री पद देने का वादा बीजेपी ने किया था, जिसका बीजेपी ने इनकार कर दिया। इसके बाद उद्धव बीजेपी छोड़ कांग्रेस और एनसीपी के पास चले गए और खुद मुख्यमंत्री बन गए।