शिवसेना नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत को रविवार रात प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गिरफ्तार किया था। संजय राउत के घर ईडी की टीम रविवार सुबह छानबीन करने पहुंची और करीब 9 घंटे की छानबीन के बाद शाम 4 बजे उन्हें हिरासत में ले लिया गया था। फिर संजय राउत को ईडी की टीम पूछताछ करने के लिए ईडी के ऑफिस ले आई। रात करीब 11:30 बजे संजय राउत को ईडी ने जांच में सहयोग न करने के कारण गिरफ्तार कर लिया। वहीं अब महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने संजय राउत की गिरफ्तारी पर बड़ा बयान दिया है।
राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने संजय राउत पर निशाना साधते हुए कहा, “महाराष्ट्र में एक लाउडस्पीकर तो बंद हो गया है। जो जैसा करेगा वैसा भरेगा। महाराष्ट्र में एक लाउडस्पीकर सुबह 8 बजे शुरू हो जाता था, अब वह बंद हो गया।”
वही संजय राउत की गिरफ्तारी पर महाराष्ट्र सरकार में पूर्व मंत्री और विधायक आदित्य ठाकरे ने बड़ा बयान दिया है। आदित्य ठाकरे ने कहा कि संजय राउत की गिरफ्तारी के माध्यम से शिवसेना को खत्म करने की साजिश रची जा रही है और यह साजिश अब जगजाहिर है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र को कमजोर करने की साजिश रची जा रही है।
संजय राउत की गिरफ्तारी के खिलाफ शिवसेना के सांसदों ने संसद भवन में विरोध प्रदर्शन किया। शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, “विपक्ष की आवाज को दबाने की साजिश रची जा रही है और ईडी-सीबीआई के माध्यम से विपक्ष का गला घोंटा जा रहा है। हम संजय रावत की गिरफ्तारी की निंदा करते हैं। जिस तरह से एक सांसद को गिरफ्तार किया गया, वह निंदनीय है।”
वहीं संजय राउत की गिरफ्तारी पर उनके भाई सुनील राउत ने रविवार रात ही कहा था, “बीजेपी संजय राउत को अपने पाले में लेना चाहती है। लेकिन संजय राउत शिवसेना नहीं छोड़ने वाले हैं और वह मरते दम तक शिवसेना में रहेंगे। उनके खिलाफ साजिश रची गई है।” बता दें कि संजय राउत को पात्रा चाल लैंड स्कैम मामले में ईडी ने गिरफ्तार किया है। ईडी का आरोप है कि इस लैंड स्कैम में करीब 1034 करोड़ रुपए का हेराफेरी की गई है।