Maharashtra: महाराष्ट्र सरकार (Maharashtra Government) ने अहमदनगर (Ahmednagar) का नाम बदलकर ‘पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी नगर’ (Punyashlok Ahilyadevi Nagar) करने के लिए जिला प्रशासन से एक प्रस्ताव भेजने के लिए कहा है। नागपुर विधानपरिषद में बुधवार (28 दिसंबर, 2022) को इसकी जानकारी दी गई।

महाराष्ट्र सरकार (Maharashtra Government) के शिक्षामंत्री दीपक केसरकर (Education Minister Deepak Kesarkar) ने विधानपरिषद में प्रश्नकाल के दौरान एक सवाल के जवाब में यह बयान दिया। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि सरकार का मध्य महाराष्ट्र के अहमनगर शहर या उस जिले का (जिसका मुख्यालय अहमदनगर है) या दोनों का नाम बदलने का इरादा है। अहमदनगर नाम 15वीं सदी के शासक अहमद निजाम शाह प्रथम के नाम पर पड़ा है।

शिक्षामंत्री दीपक केसरकर (Education Minister Deepak Kesarkar) ने कहा कि सात सितंबर को अहमदनगर के जिलाधिकारी और संबंधित संभागीय आयुक्त को नाम परिवर्तन के संबंध में निर्देश भेजे गये थे।

मंत्री ने कहा कि सरकार ने अहमदनगर नगर निगम के आयुक्त, संभागीय रेलवे प्रबंधक, वरिष्ठ डाकपाल, तहसीलदार को भी ऐसे ही प्रस्ताव भेजने को लिखा है। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव मिलने के बाद उसे राज्य मंत्रिमंडल के सामने मंजूरी के लिए पेश किया जाएगा। उसके बाद उसे अंतिम निर्णय के लिए केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा।