महाराष्ट्र के थाणे जिले के कंजरभाट समुदाय से ताल्लुक रखने वाले एक जोड़े को शादी से पहले वर्जिनिटी टेस्ट की प्रथा का विरोध करना भारी पड़ गया। बताया जा रहा है कि उनके ही समाज ने उनका बहिष्कार कर दिया है। ऐसे में वे अब पुलिस के पास मदद मांगने पहुंचे हैं।

यह है मामला: अंबरनाथ निवासी विवेक और ऐश्वर्या करीब एक साल से अपने समुदाय के बहिष्कार का सामना कर रहे हैं। उनका कसूर सिर्फ इतना है कि शादी से पहले महिला के वर्जिनिटी टेस्ट का विरोध किया था। इसके लिए उन्होंने एक वॉट्सऐप ग्रुप बनाया था, जिसमें उन्होंने समाज के लोगों को जोड़ने और उन्हें वर्जिनिटी टेस्ट की प्रथा खत्म करने के बारे में समझाने की कोशिश की थी।

National Hindi News, 17 May 2019 LIVE Updates: दिनभर की हर खबर पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक

समुदाय ने बना रखा है नियम: बता दें कि कंजरभाट समुदाय में शादी से पहले महिलाओं को वर्जिनिटी टेस्ट से गुजरना पड़ता है। अगर कोई महिला इसमें असफल होती है तो समुदाय की जाति परिषद संबंधित परिवार पर भारी जुर्माना लगाती है। इस मामले में कई बार विरोध जताया जा चुका है, लेकिन हर बार आवाज दबा दी गई।

इस वजह से की शिकायत: पुलिस के मुताबिक, विवेक ने इस संबंध में मंगलवार (14 मई) शिकायत दर्ज कराई। बताया जा रहा है कि सोमवार को विवेक की दादी गुजर गई थीं। इसके बाद समुदाय के स्थानीय नेता संगम गरुगे ने विवेक को उनकी दादी के अंतिम संस्कार में भी शामिल नहीं होने दिया।

4 के खिलाफ केस दर्ज: विवेक अपनी शिकायत लेकर अंबरनाथ पुलिस स्टेशन पहुंचे और सामाजिक बहिष्कार की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने संगम गरुगे और 3 अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वहीं, चारों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

कपल के खिलाफ भी मिली शिकायत: अंबरनाथ थाने के सीनियर इंस्पेक्टर एसडी घुगे ने बताया कि विवेक और ऐश्वर्या के खिलाफ बुधवार (15 मई) को 15-20 महिलाओं ने भी शिकायत दर्ज कराई है। उनका दावा है कि समुदाय वर्जिनिटी टेस्ट जैसी कोई प्रथा नहीं कर रहा है। विवेक उन्हें बदनाम कर रहे हैं।