मुंबई में ट्रैफिक कम करने के लिए महाराष्ट्र सरकार तेजी से काम कर रही है। इसी कड़ी में सरकार ने एक नई परियोजना शुरू की है जिसे सीएम देवेंद्र फड़नवीस ने ‘पाताल लोक’ नाम दिया है। इसके तहत मुंबई में अंडरग्राउंड रोड बनाने पर काम होने जा रहा है। आइए जानते हैं क्या है मुंबई का ‘पाताल लोक’

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार मुंबई में भीड़भाड़ कम करने के लिए सुरंगों का एक विशाल अंडरग्राउंड नेटवर्क बना रही है। उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज़ में इसे ‘पाताल लोक’ की संज्ञा दी। सीएम फड़नवीस ने ‘भारत का संयुक्त राष्ट्र के लिए अंतरराष्ट्रीय आंदोलन’ के यूथ कनेक्ट सत्र में कहा कि नियोजित सुरंग ग्रिड शहर को कई दिशाओं में एक-दूसरे से जोड़ेगा। उन्होंने कहा, ‘‘हम मुंबई शहर में पूरी तरह से भीड़भाड़ कम करने के लिए सुरंगों का एक व्यापक नेटवर्क ‘पाताल लोक’ बना रहे हैं।’’ मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘यह मौजूदा सड़कों के समानांतर नेटवर्क होगा।’’ उन्होंने कहा कि मेट्रो कॉरिडोर का विस्तार इस योजना के साथ ही होगा।

मुंबई मेट्रो नेटवर्क पर क्या बोले सीएम फड़नवीस?

सीएम ने कहा, ‘‘मुंबई का 60 प्रतिशत यातायात वेस्टर्न एक्सप्रेसवे से गुजरता है। जब तक आप इसे जाम से मुक्त नहीं करेंगे कोई समाधान नहीं है। हम समानांतर सड़कों का एक नेटवर्क बना रहे हैं जहां आपकी एवरेज स्पीड 80 किमी प्रति घंटा होगी।’’ फड़नवीस ने कहा कि मेट्रो रेल, उपनगरीय लोकल ट्रेन और बेस्ट बसों के लिए एक ही टिकट उपलब्ध कराने के लिए एकीकृत ‘मुंबई वन’ ऐप शुरू किया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘लगभग 90 लाख लोग प्रतिदिन उपनगरीय ट्रेनों से यात्रा करते हैं। इतने सारे बदलावों के बावजूद द्वितीय श्रेणी के किराए में एक भी रुपया नहीं बढ़ाया जाएगा।’’ उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी उपनगरीय सेवाएं धीरे-धीरे वातानुकूलित हो जाएंगी।

अगले 57 साल में मुंबई पूरी तरह से बदलने जा रही- देवेंद्र फड़नवीस

देवेंद्र फड़नवीस ने कहा कि चाहे वह अंडरग्राउंड मेट्रो हो या एलिवेटेड, राज्य का लक्ष्य हर साल 50 किलोमीटर मेट्रो का निर्माण पूरा करना है। उन्होंने कहा कि जो हुआ है, वह ट्रेलर है, पिक्चर अभी बाकी है। अगले 57 साल में मुंबई पूरी तरह से बदलने जा रही है। जब अटल सेतु और कोस्टल रोड की बात करता था तो लोग मजाक बनाते थे। वह सारी चीजें हुई हैं। मुंबई में कनेक्टिविटी हर तरह से इंप्रूव करने की जरूरत होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुंबई डीकंजेक्ट होगी। अब टनल बन रहे हैं। सीएम ने कहा कि अगले चार वर्षों में, मुंबई में 100% मेट्रो कनेक्टिविटी हासिल करने की उम्मीद है, जिससे लोगों के लिए सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करके शहर में कहीं भी यात्रा करना संभव हो जाएगा।

पढ़ें- बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पर बरसे शिवसेना विधायक