Maharashtra News: शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे को बड़ा झटका देते हुए शिवसेना की राज्य इकाई के 15 में से 12 प्रमुख मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खेमे में शामिल हो गए हैं। शिवसेना के कुल 12 राज्य प्रमुख शुक्रवार (16 सितंबर 2022) को शिंदे गुट में शामिल हो गए। इनमें दिल्ली, गोवा, गुजरात, कर्नाटक और अन्य कई राज्यों के प्रमुख शामिल हैं।

सीएम शिंदे के गुट में जाने वाले सभी प्रमुखों को आश्वासन दिया गया है कि उनके राज्यों में पार्टी के विकास के लिए हर संभव मदद मुहैया कराई जाएगी।

सीएम शिंदे ने किया ट्वीट: मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने खुद इस बारे में जानकारी देते हुए ट्वीट किया। उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा, “विभिन्न राज्यों के शिवसेना क्षेत्रीय प्रमुखों की बुधवार को बैठक हुई और उन सभी ने हमें अपना समर्थन देने की घोषणा की। इस मौके पर संपन्न हुई बैठक में देश के कोने-कोने में शिवसेना पार्टी संगठन के विस्तार को लेकर व्यापक चर्चा हुई।”

सीएम ने अपने दूसरे ट्वीट में लिखा, “इसमें दिल्ली, मणिपुर, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, राजस्थान, हैदराबाद, गोवा, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और त्रिपुरा नाम के 12 राज्यों के क्षेत्रीय प्रमुख शामिल थे। उन्होंने इन सभी राज्य प्रमुखों को उनके राज्यों में पार्टी के विकास के लिए हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।”

12 राज्‍यों के प्रमुख शिंदे खेमे में गए: न्यूज़ 18 की खबर के मुताबिक, सीएम एकनाथ शिंदे के गुट में जाने वाले प्रदेश प्रमुखों में दिल्ली शिवसेना के प्रदेश अध्यक्ष संदीप चौधरी, मणिपुर के प्रदेश अध्यक्ष तोम्बी सिंह, मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष थडेश्वर महावर, छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष धनंजय परिहार, गुजरात राज्य के प्रमुख एस. हैदराबाद राज्य के प्रमुख मुरारी अन्ना शामिल हैं।

इस सूची में गोवा राज्य प्रमुख जितेश कामत, कर्नाटक राज्य प्रमुख कुमार ए हकरी, पश्चिम बंगाल राज्य प्रमुख शांति दत्ता, ओडिशा राज्य प्रभारी ज्योतिश्री प्रसन्ना कुमार और त्रिपुरा राज्य प्रभारी बरिवादेव नाथ भी शामिल हैं। गौरतलब है कि जून 2022 में एकनाथ शिंदे और शिवसेना के 39 विधायकों ने उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महा विकास अघाड़ी सरकार के खिलाफ विद्रोह किया था। जिसके बाद एकनाथ शिंदे ने भाजपा के समर्थन से सरकार बनाई थी। जिसके बाद से शिवसेना दो खेमों के बीच राजनीतिक खींचतान में बंटी हुई है।