मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के सांसद चिंतामणि मालवीय के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। सांसद के अलावा अन्य आठ लोगों पर भी केस दर्ज हुआ है। उज्जैन से सांसद मालवीय पर पुलिस को अपशब्द कहने का आरोप के बाद यह कार्यवाई हुई। मामला महाकाल मंदिर में प्रवेश को लेकर गर्माया था।

दरअसल, परिवार के साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को महाकाल के मंदिर में पूजा करने के लिए पहुंचे थे। सीएम शिवराज के आने की तैयारियों में लगे भाजपा सासंद मालवीय भी मंदिर के अंदर प्रवेश करना चाह रहे थे। मगर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक लिया। पुलिसकर्मियों का ऐसा करना सांसद को नागवार गुजरा। मौके पर ही पुलिसवालों से उनकी बहस हो गई। जहां उन्होंने इस दौरान पुलिसकर्मियों के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया। जिसका एक वीडियो भी वायरल हुआ था।

बीजेपी सांसद चिंतामणि मालवीय पर आचार संहिता उल्लंघन, धमकी देने, गाली देने के अलावा सरकारी काम में बाधा पहुचाने की धाराओं में केस दर्ज हुआ है। शुक्रवार (30 नवंबर) को महाकाल मंदिर में प्रवेश के दौरान पुलिस से कहासुनी हो गई थी। यहां उन्होंने पुलिस के लिए अपशब्दों का भी इस्तेमाल किया था। इस पर सांसद मालवीय ने बेतुकी सफाई भी दी थी। उन्होंने कहा था कि, एक अतिवाद व्यवहार की प्रतिक्रिया भी अतिवाद से देना स्वाभाविक है।

बता दें कि, बीते दिन उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में भाजपा के सांसद कमलेश पासवान, उनके दोस्त सतीश नागलिया और तीन अन्य पर कैंट पुलिस को स्थानीय अदालत ने केस दर्ज करने को कहा था। सभी पर आरोप है कि फरवरी 2015 में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की जमीन फर्जी कागजों के सहारे हथियाने की कोशिश की। अपने ऊपर लगे आरोपों पर सांसद पासवान ने सफाई दी थी। उन्होंने कहा था कि, लगाए गए आरोप राजनीति से प्रेरित हैं। यह सब उनकी छवि को खराब करने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा, वह इस आदेश को हाई कोर्ट में चुनौती देंगे।