मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। स्नेहालय आश्रम में मूक-बधिर युवती के साथ तीन महीने तक दुष्कर्म किया जा रहा था। जब पीड़िता गर्भवती हो गई तो आश्रम में ही उसका गर्भपात करवाया गया। इसके बाद भ्रूण को आश्रम परिसर में ही कथित तौर पर जला दिया गया। महिला और बाल विकास विभाग की शिकायत पर ग्वालियर पुलिस ने इस मामले के नौ आरोपियों के​ विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। जबकि 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

ग्वालियर देहात के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र सिंह गौर ने जनसत्ता.कॉम से इस मामले में बातचीत की। उन्होंने बताया, ”ग्वालियर के बिलौआ थाना क्षेत्र में झांसी रोड पर स्नेहालय ट्रस्ट के द्वारा महिला आश्रम संचालित किया जाता था। इस आश्रम के संचालक एनआरआई डॉ. बी.के. शर्मा और उनकी पत्नी भावना शर्मा हैं। गुरुवार (20 सितंबर) को महिला और बाल विकास विभाग के अधिकारी सतीश जयंत ने बिलौआ थाना पुलिस में प्राथमिकी दर्ज करवाई थी।”

शिकायत के मुताबिक, स्नेहालय आश्रम में एक मूक-बधिर लड़की के साथ आश्रम के चौकीदार साहिब सिंह गुर्जर ने ​कथित तौर पर रेप किया। आरोप है कि चौकीदार तीन महीने से पीड़िता को हवस का शिकार बना रहा था। आरोप है कि जब पीड़िता गर्भवती हो गई तो आश्रम संचालक डॉ. बी.के. शर्मा ने चुपचाप उसका गर्भपात करवा दिया। इसके बाद भ्रूण को आश्रम के परिसर में ही जलवा दिया गया।

जब इस मामले की भनक किसी तरह महिला और बाल विकास विभाग को लगी तो उन्होंने पुलिस में शिकायत की। बिलौआ थाना पुलिस ने गुरुवार की देर रात आश्रम में छापेमारी की। पुलिस ने आश्रम संचालक डॉ. बी.के. शर्मा, उनकी पत्नी भावना शर्मा, प्रबंधक जे.पी. शर्मा, डॉ. विकास साहू , सुपरवाइजर रवि वाल्मीकि और कंपाउडर गिर्राज बघेल को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि मामले का मुख्य आरोपी साहब सिंह गुर्जर और सह आरोपी डॉ. पुष्पा मिश्रा और आश्रम में काम करने वाली बाई प्रभा यादव अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, युवती के गर्भवती होने की जानकारी आश्रम संचालकों को 18 सितंबर को लगी थी। इसके बाद आनन-फानन में अगले ही दिन यानी 19 सितंबर को आश्रम में ही उसका गर्भपात करवा दिया गया। भूण को आश्रम परिसर में ही जला दिया गया। पुलिस अन्य बच्चियों का भी मेडिकल करवा रही है। स्नेहालय का संचालक डॉ. बी.के. शर्मा बेहद रसूखदार है। बताया जाता है कि आश्रम के लिए अमेरिका और इंग्लैंड समेत दुनिया के कई देशों से फंडिंग भी की जाती है। सूत्र बताते हैं कि अब पुलिस आश्रम की फंडिंग के सोर्स भी तलाश रही है। इसके अलावा यह भी पड़ताल की जा रही है कि कहीं इन बच्चियों को आश्रम में आने वाले विदेशी मेहमानों के सामने भी तो नहीं परोसा जा रहा था।