मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में कलेक्ट्रेट ऑफिस के अधिकारियों की शर्मनाक हरकत सामने आई है। आरोप है कि ड्यूटी के समय अधिकारी दफ्तर में अश्लील फिल्म देख रहे थे। चौंकाने वाली बात है कि ड्यूटी पर इस तरह की हरकत करते हुए एक-दो नहीं बल्कि छह अधिकारी और कर्मचारी पकड़े गए। फिलहाल इन सभी के खिलाफ एक नोटिस जारी किया गया है मगर कलेक्टर ऑफिस अब बड़ी कार्रवाई की तैयारी में है।
दरअसल कुछ दिन पहले आला अधिकारियों को कलेक्ट्रेट ऑफिस के अधिकारियों के खिलाफ शिकायत मिली। तब जांच की गई तो कर्मचारियों और अधिकारियों की इस हरकत की कोई जानकारी नहीं मिली। बाद में मामले की पूरी पड़ताल के लिए कलेक्टर ने साइबर एक्सपर्ट की मदद ली। इस दौरान जब विभिन्न कर्मचारियों और अधिकारियों के आईपी एड्रेस की जांच की गई तो सच्चाई सामने आ गई।
जानकारी में सामने आया कि ऑफिस के कंप्यूटर से अश्लील फिल्म डाउनलोड भी की गई। ऐसे छह कर्मचारी के पकड़ में गए हैं जिन्होंने काम के वक्त अश्लील फिल्में देखीं। ऑफिस में कर्मचारी और अधिकारियों के इस व्यवहार की जानकारी मिली तो हड़कंप मच गया। अब आला अधिकारियों ने कलेक्ट्रेट ऑफिस में स्थित कंप्यूटर पर अवैध साइट ब्लॉक कराने की तैयारी कर ली है
मामले में कलेक्टर अनुराग चौधरी ने कहा कि कलेक्ट्रेट ऑफिस में लोग अपने काम करने के लिए यहां-वहां भटकते रहते हैं मगर अफसर अश्लील फिल्में देखने में व्यस्त हैं। कलेक्ट्रेट ऑफिस के बाद अब दूसरे दफ्तरों में भी अधिकारियों ने कंप्यूटरों की जांच शुरू कर दी है।