मध्य प्रदेश में मंत्रिमंडल का विस्तार हो चुका है और नए मंत्रियों ने आज शपथ भी ले ली है। इस दौरान भाजपा नेता और ग्वालियर से विधायक प्रधुम्न सिंह तोमर ने भी शपथ ली है। वह केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के करीबी माने जाते हैं। आज शपथ लेने से पहले वह हवाई अड्डे पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से गर्मजोशी से मुलाकात करते दिखे। सीएम मोहन यादव पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का स्वागत करने एयरपोर्ट पर पहुंचे थे। इस दौरान की कुछ तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल है। तस्वीरों में विधायक प्रधुम्न सिंह तोमर को ज्योतिरादित्य सिंधिया के आगे झुककर प्रणाम करते देखा जा सकता है।
कांग्रेस छोड़ BJP का थामा था दामन
विधायक प्रधुम्न सिंह तोमर ज्योतिरादित्य सिंधिया के वफादार हैं और उन 22 कांग्रेस विधायकों में से थे जिन्होंने 2020 कांग्रेस का साथ छोड़ दिया था, जिसके बाद कमल नाथ सरकार गिर गई थी। सोमवार को तोमर के अलावा संपतिया उइके, तुलसीराम सिलावट, ऐदल सिंह कंसाना, गोविंद सिंह राजपूत, विश्वास सारंग, कैलाश विजयवर्गीय और प्रहलाद पटेल ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। इसके साथ ही छह नेताओं ने राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और चार नेताओं ने राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली है।
इन नेताओं का नाम है शामिल
मध्य प्रदेश में कैबिनेट मंत्रियों के तौर पर विजय शाह, कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद सिंह पटेल, राकेश सिंह, करण सिंह वर्मा, राव उदय प्रताप सिंह, प्रद्युमन सिंह तोमर, तुलसी सिलावट, एंदल सिंह कसाना, नारायण सिंह कुशवाहा, संपतिया उईके, उदय प्रताप सिंह, निर्मला भूरिया, विश्वास सारंग, गोविंद सिंह राजपूत, इंदर सिंह परमार, नागर सिंह चौहान, चैतन्य कश्यप और राकेश शुक्ला ने शपथ ली है। इससे पहले मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर बीजेपी आलाकमान और प्रदेश के नेताओं के बीच कई दौर की बैठकें हुई थीं। पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वह एक कार्यकर्ता के तौर पर काम करेंगे और मंत्रिमंडल में शामिल नाम काफी सोच-समझ कर तय किए गए हैं।