मध्य प्रदेश में दो लड़कियों को सेल्फी लेने के चक्कर में मुसीबत मोल लेनी पड़ी। नदी का अचानक बढ़ा जलस्तर उनके लिए मुसीबत का सबब बन गया लेकिन मध्य प्रदेश पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से इन लड़कियों को नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
यह घटना राज्य के छिंदवाड़ा जिले में हुई। जुन्नारदेव से छह लड़कियों का एक ग्रुप पेंच नदी के किनारे पिकनिक मनाने आया था। इस दौरान इनमें से दो लड़कियां मेघा जावरे और वंदना त्रिपाठी ने सेल्फी लेने के लिए एक चट्टान के सहारे बीच नदी तक पहुंच गईं। इस दौरान अचानक नदी का प्रवाह तेज हो गया जिससे यह दोनों नदीं के बीच एक चट्टान पर फंस गईं। इसके बाद लड़कियों की दोस्त ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस बल के 12 जवान, प्रशासन के कुछ लोग और स्थानीय लोगों की मदद से इन लड़कियों को बचाया जा सका।
#WATCH Madhya Pradesh: Police and local administration in Chhindwara district rescue two girls who were stuck in a river at Belkhedi village. The two girls had ventured into Pench river to click selfies and got stuck after the water level rose suddenly. (23.07.2020) pic.twitter.com/0sM1diumR4
— ANI (@ANI) July 24, 2020
सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल हो रहा है। लोग पुलिस और स्थानीय लोगों की बहादुरी की तारीफ कर रहे हैं। वहीं, लड़कियों को लॉकडाउन में घूमने को लेकर दोष दे रहे हैं। बता दें कि सेल्फी लेने के दौरान दुर्घटना का शिकार होने की कई घटानाएं सामने आती रहती हैं।
साल 2018 में एक ऐसा ही घटना सामने आई थी जब एक शख्स चलती ट्रेन के सामने सेल्फी लेने के चलते बुरी तरह जख्मी हो गया था। हालांकि उसकी जान बच गई थी लेकिन उसे काफी चोटें आई थीं।