ज्यादा खाना खा लेने पर एक ढाबा मालिक ने अपने ही यहां काम करने वाले शख्स की जमकर पिटाई कर दी। आरोप है कि मालिक ने पहले कर्मचारी को नंगा किया, फिर उसे बेरहमी से करछुल, लोहे की रॉड और डंडे से पीटा। यह मामला मध्य प्रदेश के बैतूल जिले का है, जो राजधानी भोपाल से तकरीबन 178 किलोमीटर दूर है। पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर ढाबे के मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है। न्यूज एजेंसी एएनआई ने पीड़ित की तस्वीरें जारी की हैं। लाल रंग के कंबल में लिपटे पीड़ित ढाबाकर्मी की उम्र 25 साल के आसपास मालूम पड़ रही है। फिलहाल वह अस्पताल में भर्ती है, जहां उसकी हालत गंभीर है। पीड़ित की शिनाख्त मनीष शर्मा के रूप में हुई है।
एएसपी घनश्याम मालवीय के अनुसार, मनीष मूल रूप से पंजाब के होशियारपुर का रहने वाला है। वह यहां के आमला इलाके में रंभा के नजदीक गोल्डन ढाबे पर काम करता है। अधिक खाना खाने और चाय पी लेने के कारण ढाबे का मालिक और अन्य कर्मी मिलकर उसकी पूर्व में भी पिटाई किया करते थे।
आपको बता दें कि इस तरह का यह कोई पहला मामला नहीं है। ढाबों पर स्टाफ से छोटी-मोटी बातों पर लड़ाई और झगड़े होना आम बात है। बीते महीने भी कुछ इसी तरह का मामला देखने को मिला था। देश की राजधानी दिल्ली में 30 वर्षीय शख्स को ढाबे पर काम करने वाले तीन लोगों ने मिलकर मार डाला था। कारण मृतक ने ढाबे के खाने को लेकर उनसे शिकायत की थी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस हुई जो मारपीट में तब्दील हो गई थी।
पुलिस के मुताबिक, यह मामला पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके का था। शख्स कमल ढाबे पर गया था, जहां उसने खाने में गड़बड़ी को लेकर आपत्ति जताई थी। तीनों कर्मियों ने इसी के बाद शख्स को टूटी हुई करछुल से बहुत पीटा था।