मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने अपनी पार्टी के कार्यकर्ता दुर्गा लाल किरार को उसकी शपथ पूरी होने के बाद खुद अपने हाथों से जूते पहनाएं। कांग्रेस कार्यकर्ता किरार ने शपथ ले रखी थी कि जब तक राज्य में कांग्रेस की सरकार नहीं बन जाती तब तक वह जूता नहीं पहनेगा। अब जबकि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बन चुकी है तो मुख्यमंत्री ने खुद उस कार्यकर्ता को जूते पहनाए और इसकी जानकारी अपने ट्विटर हैंडल से दी। कमलनाथ ने कहा कि ऐसे कार्यकर्ताओं को सलाम है जो पूरी निष्ठा से कांग्रेस के लिए दिन रात मेहनत करते है।

दरअसल, राजगढ़ में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता दुर्गा लाल किरार ने शपथ ली थी कि जब तक मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार नहीं बनेगी, तब तक वो जूता नहीं पहनेंगे। किरार के 15 सालों के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार कांग्रेस पार्टी की सरकार बनी तो खुद मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इस कार्यकर्ता को जूते पहनाएं। इस मौके उनके साथ दिग्विजय सिंह भी मौजूद रहे। कमलनाथ ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी और कहा, ‘आज निवास पर राजगढ़ के कार्यकर्ता श्री दुर्गा लाल किरार से मिलकर उन्हें जूते पहनाएं, उन्होंने संकल्प लिया था कि जब तक प्रदेश में कांग्रेस की सरकार नही बनेगी तब तक वो जूता नहीं पहनेंगे। ऐसे कार्यकर्ताओं को सलाम है जो पूरी निष्ठा से कांग्रेस के लिए दिन रात मेहनत करते है।’

बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भी 15 साल पहले जब कांग्रेस की सत्ता से विदाई हुई थी तो शपथ ली थी। दिग्विजय ने दस साल तक चुनाव नहीं लड़ने की बात कही थी। लेकिन इस बार के चुनावों में कांग्रेस की सत्ता में वापसी हुई है। इसके पूर्व लगातार 15 साल तक प्रदेश में बीजेपी की सरकार थी। इस बार 230 सदस्यों वाली विधानसभा में कांग्रेस के 114 विधायक हैं। सात अन्य विधायकों (चार निर्दलीय, दो बसपा एवं एक सपा) के समर्थन से कांग्रेस सरकार चला रही है।