Accident: मध्य प्रदेश के रतलाम में एक सड़क दुघर्टना में चार लोगों की मौत हो गई है। हादसा रतलाम के जमुनिया गांव के पास हुई है। इस सड़क दुर्घटना में एक कार द्वारा एक दर्जन से अधिक मजदूरों के कुचलने पर चार लोगों की मौत हो गयी। वहीं इस हादसे में 8 अन्य घायल हो गये हैं। रतलाम के एसपी अभिषेक तिवारी ने बताया कि घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एक अधिकारी ने बताया कि घटना मंगलवार शाम को हुई जब कार चालक ने वाहन से अपना नियंत्रण खो दिया और राजमार्ग पर रेलिंग ठीक करने का काम कर रहे मजदूरों को रौंद दिया। हादसे में चार मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कार में सवार पांच लोगों सहित 13 अन्य घायल हो गये।
उन्होंने कहा कि घायल मजदूरों की हालत गंभीर है। ये मजदूर उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के रहने वाले थे और एक ठेकेदार ने उन्हें काम पर रखा था। रतलाम के नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) हेमंत चौहान ने कहा कि घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामला दर्ज कर कार्रवाई कर रही है।
राष्ट्रपति के कार्यक्रम में जा रही बस पलटी, एक युवक की मौत
उधर, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यक्रम में शामिल होने जा रही एक बस मंगलवार सुबह कटनी जिले में पलट गयी, जिससे 22 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई, जबकि 39 अन्य घायल हो गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। जिलाधिकारी अवि प्रसाद ने बताया कि घटना जिला मुख्यालय से लगभग 45 किलोमीटर दूर उमरियापान थाना क्षेत्र के पकरिया गांव में मंगलवार सुबह आठ बजे हुई। उन्होंने कहा कि बस पड़ोसी जिले जबलपुर के खुदावल ग्राम पंचायत के निवासियों को ‘जनजाति गौरव दिवस’ के अवसर पर शहडोल में आयोजित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ले जा रही थी।
उन्होंने बताया कि हादसे में आशु कोल की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि 39 अन्य घायल हो गए। सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बतायी जा रही है। उन्होंने बताया कि उमरियापन के जन स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को जबलपुर रेफर कर दिया गया। बिरसा मुंडा जयंती के उपलक्ष्य में शहडोल जिले में जनजातीय गौरव दिवस का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।