मध्य प्रदेश उपचुनाव में चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन है। ऐसे में राजनेता ताबड़तोड़ रैलियां और जनसभाएं कर रहे हैं। इसी कड़ी में सीएम शिवराज सिंह चौहान भी मीडिया से बात करते हुए जल्दबाजी में खुद को ‘पूर्व सीएम’ बता गए। दरअसल वह कांग्रेस के नेताओं के विवादित बयानों को लेकर विपक्षी पार्टी पर निशाना साध रहे थे। उसी दौरान उनकी जबान फिसली और वह खुद हो पूर्व सीएम बोल बैठे।
खबर के अनुसार, शिवराज सिंह ने कहा कि “किसी मां-बहन और बेटी का अपमान, कांग्रेस को अगर मजाक लगता है तो ऐसे मजाक को धिक्कार है। कांग्रेस के लोगों के ऐसी बातें करते हुए शर्म नहीं आती! मां-बहन और बेटी की इज्जत उतारी जाएगी, अपशब्दों का इस्तेमाल किया जाएगा और गाली देकर ये कह दिया जाएगा कि यह तो हंसी-मजाक कर रहे हैं।”
शिवराज सिंह ने कहा कि “ये हंसी और मजाक मध्य प्रदेश और भारत की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। कांग्रेस ने चुनाव को तमाशा बना दिया है। कभी आप माता-बहनों का अपमान करो, कभी आप पूर्व मुख्यमंत्री को नालायक और भूखा-नंगा कहो। नेताओं के लिए कुत्ते जैसे शब्दों का इस्तेमाल करो। ये मध्य प्रदेश की संस्कृति और संस्कार नहीं हैं कमलनाथ जी। भाजपा के लिए मुद्दा विकास है, आत्मनिर्भर भारत बनाने और जनता के कल्याण के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस सिर्फ गालियां देने के लिए चुनाव लड़ रही है।”
बता दें कि बीते दिनों मध्य प्रदेश के अशोकनगर में चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस नेता दिनेश गुर्जर ने शिवराज सिंह को ‘भूखे-नंगे परिवार’ का बता दिया था। इसे लेकर काफी हंगामा हुआ था और कांग्रेस ने खुद को दिनेश गुर्जर के बयान से अलग कर लिया था।
दिनेश गुर्जर के उसी बयान की बात करते हुए शिवराज सिंह खुद को पूर्व सीएम बता गए। कांग्रेस नेता और पूर्व सीएम कमलनाथ ने शिवराज सरकार की मंत्री इमरती देवी को भी आइटम बता दिया था, जिस पर कमलनाथ बुरी तरह से घिर गए थे और चुनाव आयोग ने उन पर कार्रवाई करते हुए उन्हें स्टार प्रचारक की लिस्ट से हटा दिया था।
बता दें कि मध्य प्रदेश में 28 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं। इन उपचुनाव के लिए 3 नवंबर को वोट डाले जाएंगे और प्रचार का आज आखिरी दिन है। भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए ही यह उपचुनाव काफी अहम हैं। यही वजह है कि चुनाव प्रचार के दौरान दोनों पार्टी के नेताओं ने एक-दूसरे पर जमकर हमला बोला।