मध्य प्रदेश के पथरिया से बसपा विधायक रमाबाई अहिरवार ने कमलनाथ सरकार को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि अगर उन्हें मंत्री पद नहीं दिया गया तो प्रदेश सरकार का हाल भी कर्नाटक जैसा हो सकता है। रमाबाई ने कहा बसपा के दो विधायक निर्वाचित हुए है। कांग्रेस ने सरकार बनाते समय वादा किया था कि हमें मंत्री बनाया जाएगा। लेकिन अभी तक ऐसा कुछ नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि हमारे क्षेत्रवासी हमें मंत्री बनाने की मांग कर रहे हैं।
दरअसल, मध्य प्रदेश में कांग्रेस पार्टी को सरकार बनाने के लिए बसपा के दो विधयकों ने भी समर्थन दिया है। जिसके बाद से ही बसपा विधायक मंत्री पद को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर करते रहें हैं। इस बीच पथरिया विधानसभा सीट से विधायक रमाबाई ने कमलनाथ सरकार को चेतावनी देते हुए कहा, ”कांग्रेस सरकार को मायावती ने समर्थन दिया है, इसलिए कोई विधायक हिल डुल नहीं सकता। ऐसी स्थिति में कांग्रेस को भी सोचना चाहिए। मप्र की सरकार बैशाखी पर टिकी हुई है। निर्दलीय विधायकों का कोई भरोसा नहीं है। मैं नहीं चाहती कि कर्नाटक जैसी स्थिति यहां बने। सरकार बनाते समय कांग्रेस ने हमसे वादा किया था कि मंत्री बनाया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।”
गौरतलब है कि मध्यप्रदेश में 230 सीटों वाली विधानसभा में इस बार के चुनावों में कांग्रेस पार्टी को 114 और बीजेपी को 109 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। कांग्रेस ने बसपा के दो, सपा के एक और चार निर्दलीय विधायकों के समर्थन के साथ कमलनाथ के नेतृत्व में सरकार बनाई थी।