मध्य प्रदेश के विदिशा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के एक भाजपा पदाधिकारी पर 23 वर्षीय महिला से कथित तौर पर बलात्कार करने का मामला दर्ज किया गया है। भाजपा ने आरोपी से दूरी बनाते हुए कहा कि उसने इस्तीफा दे दिया है। विदिशा जिले के भाजपा उपाध्यक्ष योगेन्द्र सिंह सोलंकी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (बलात्कार के लिए सजा) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया था।

महिला की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला

योगेन्द्र सिंह ने अपराध कथित तौर पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) आने से पहले किया गया था, इसलिए पुरानी प्रक्रिया के तहत FIR दर्ज किया गया है। पुलिस निरीक्षक आशुतोष सिंह राजपूत ने पीटीआई को बताया कि यह जुलाई में लागू हुआ। उन्होंने कहा कि एक महिला की शिकायत पर 5 दिसंबर को एफआईआर दर्ज की गई थी और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रेप का मामला दर्ज होने के बाद योगेन्द्र सोलंकी ने खुद को फंसाए जाने का आरोप लगाते हुए रविवार रात इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कहा कि जब तक वह बलात्कार के आरोप से बरी नहीं हो जाते, तब तक वह पार्टी से बाहर रहना चाहते हैं।

राजस्थान में चाय पीने के बाद परिवार के 3 लोगों की मौत, एक गलती से गई सबकी जान, पुलिस ने बताया हुआ क्या था?

विदिशा भाजपा जिला अध्यक्ष का बयान

विदिशा भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश सिंह जादौन ने कहा, “सोलंकी अब भाजपा में नहीं हैं। उनका इस्तीफा आज (सोमवार) स्वीकार कर लिया गया।” इस बीच पुलिस अधिकारी ने कहा कि पीड़िता का लंबे समय तक यौन शोषण किया गया। आशुतोष सिंह राजपूत ने कहा, “शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी की उसके घर तक पहुंच थी। पुलिस उसकी मेडिकल रिपोर्ट फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला को भेजेगी।” विदिशा के पुलिस अधीक्षक रोहित केशवानी ने कहा कि घटना सामने आने के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की।

आरोप लगाने वाली युवती का कहना है कि 3 से 4 साल पहले भाजपा नेता मेरे घर आए थे। उस समय मेरे माता पिता बाहर गए हुए थे और उसी का फायदा उठाकर उन्होंने मुझे डरा धमका कर मेरे साथ गलत काम किया। किसी को ना बताने की धमकी भी दी थी।