मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में शुक्रवार (21 सितंबर) को उस वक्त बड़ा हादसा हो गया जब मुहर्रम का जुलूस निकल रहा था। कुछ महिलाएं मकान की छत पर खड़ी जुलूस देख रही थी। छत महिलाओं का वजन सहन नहीं कर पाई और ढह गई। महिलाएं छत के मलबे समेत जुलूस पर जा गिरीं। हादसे में महिलाओं समेत 17 लोग जख्मी बताए जा रहे हैं जिनमें 5 गंभीर रूप से घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक घायलों को इलाज के लिए नागपुर भेजा गया है। पुलिस अधीक्षक अतुल सिंह ने मीडिया को बताया कि शुक्रवार को मुहर्रम का जुलूस निकल रहा था, इसे देखने रायल चौक क्षेत्र में बड़ी संख्या में महिलाएं एक मकान की दूसरी मंजिल की छत पर खड़ी थीं, तभी अचानक छत का एक हिस्सा ढह गया, जिससे महिलाएं और छत का मलबा जुलूस में चल रहे लोगों पर आ गिरा। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हादसे में कुल 17 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 5 लड़कियां शामिल हैं। लड़कियों की हालत गंभीर है और उन्हें इलाज के लिए नागपुर भेजा गया है।
Chhindwara: Over 15 people injured after a part of a roof of a house collapsed earlier today when some people were standing there to watch a Muharram procession. #MadhyaPradesh pic.twitter.com/cxmpz2uN7N
— ANI (@ANI) September 21, 2018
मुहर्रम को लेकर कई जगहों से खबरें आ रही हैं। बिहार से चौंकाने वाली खबर आई जहां वैशाली जिले के नगर थाना इलाके में शुक्रवार को ही एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात में एक शख्स को और गोली लगी जो गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, “मस्जिद चौक के समीप मुहर्रम को लेकर लोग ताजिया जुलूस निकालने की तैयारी में थे, तभी गोली चल गई। गोली लगने से दो व्यक्ति घायल हो गए। आनन-फानन में दोनों को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई।”
जम्मू-कश्मीर में प्रशासन ने श्रीनगर के कुछ हिस्सों में मुहर्रम के जुलूस पर शुक्रवार को प्रतिबंध जारी रखा। शहर के पुराने इलाकों रैनवाड़ी, नौहट्टा, खानयार, एमआर गंज और सफा कदल इलाकों में जुलूस पर प्रतिबंध लगाया गया है। कोठीबाग इलाके में आंशिक रूप से प्रतिबंध लगाया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 1989 से प्रशासन ने सुरक्षा कारणों के चलते मुहर्रम के 8वें और 10वें जुलूस को निकालने की इजाजत नहीं दी है।