Chhattisgarh Crime News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक प्रेमी ने अपनी प्रेमिका की हत्या सिर्फ इस बात को लेकर कर कर दी, क्योंकि लड़की ने उससे बात करना बंद कर दिया था। आरोपी लड़के को शक था कि उसकी प्रेमिका अब किसी और के साथ रिलेशनशिप में है। करवाचौथ से ठीक पहले हुई इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी।
यह पूरा घटनाक्रम सरकंडा थाना क्षेत्र का है। यहां शुक्रवार सुबह 18 साल के आरोपी ने 17 साल की अपनी प्रेमिका पर चाकू से हमला किया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। लड़की के माता-पिता मजदूरी करते थे और दोनों अपने काम पर गए थे।
सुबह बातचीत करने लड़की के घर पहुंचा था प्रेमी
बताया जा रहा है कि लड़की ने लड़के से बातचीत बंद कर दी थी। वो किसी दूसरे लड़के के संपर्क में थी। इसी बात से बौखलाए किशोर ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
गुरुवार सुबह करीब 9 बजे लड़का उस वक्त लड़की के घर पहुंचा, जब वहां कोई मौजूद नहीं था। वो दोनों बात कर रहे थे कि तभी दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान गुस्साए लड़के ने लड़की पर चाकू से हमला कर दिया।
‘मेरी नहीं हुई तो किसी की नहीं होने दूंगा’
वारदात के वक्त आरोपी बहुत गुस्से में था। उसने लड़की पेट पर एक के बाद एक चाकू से कई वार किए। जिसके चलते लड़की की अत्यधिक खून बहने के कारण मौके पर ही मौत हो गई।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने आरोपी शख्स को वहां से भागते हुए देखा। उन्होंने बताया कि लड़की घर में खून से लथपथ पड़ी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लड़का चाकू से हमला करते वक्त बस एक ही बात कह रहा था कि अगर मेरी नहीं हुई, तो तुझे किसी और की भी नहीं होने दूंगा।
थाना प्रभारी तोप सिंह ने बताया कि चांटीडीह कुंदरूपारा का रहने वाला सागर साहू एक मेडिकल स्टोर पर काम करता है। करीब दो साल पहले उसकी दोस्ती इस लड़की से हुई थी और दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग चल रहा था। पुलिस आरोपी शख्स को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ कर रही है।