Loksabha Election 2019: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस को लोकसभा चुनाव के अगले दो चरणों के लिए पूर्व पीएम राजीव गांधी जिनपे बोफोर्स में भ्रष्टाचार के आरोप थे उनके मान-सम्मान के मुद्दे पर चुनाव लड़ने की खुली चुनौती दी है। बीते दिनों पीएम ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए बोफोर्स भ्रष्टाचार के लिए राजीव गांधी को भ्रष्टाचारी नंबर-वन करार दिया था।
सोमवार (6 मई 2019) को झारखंड के चायबासा में एक रैली को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा ‘चुनाव में अब सिर्फ 2 चरण बाकी रह गए हैं। मैं पूरी कांग्रेस पार्टी, उनके अध्यक्ष, नामदार के परिवार, उनके रागदरबारियों और चेले चपाटों को खुली चुनौती देता हूं कि दम है तो दिल्ली, पंजाब और भोपाल में राजीव गांधी जी के मान-सम्मान के मुद्दे पर चुनाव हो जाए।’
पीएम मोदी की पूरी कांग्रेस पार्टी, उनके अध्यक्ष, नामदार के परिवार, उनके रागदरबारियों और चेले चपाटों को खुली चुनौती…
दम हो तो बचे हुए दो चरणों में राजीव गांधी जिनपे बोफोर्स में भ्रष्टाचार के आरोप थे उनके मान-सम्मान के मुद्दे पर चुनाव हो जाये।#HarBoothParModi pic.twitter.com/QEymdfR33d
— BJP (@BJP4India) May 6, 2019
राजीव गांधी को भ्रष्टाचारी नंबर-वन करार देने पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रिंयका गांधी ने ट्वीट कर प्रधानमंत्री मोदी पर तीखा हमला बोला था। राहुल ने कहा था कि पीएम को उनके कर्मों की सजा जरूर मिलेगी।
वहीं प्रियंका ने कहा था कि ‘शहीदों के नाम पर वोट मांगकर उनकी शहादत को अपमानित करने वाले प्रधानमंत्री ने अपनी बेलगाम सनक में एक नेक और पाक इंसान की शहादत का निरादर किया। जवाब अमेठी की जनता देगी जिनके लिए राजीव गांधी ने अपनी जान दी। हाँ मोदीजी ‘यह देश धोकेबाज को कभी माफ नहीं करता।’
बता दें कि सोमवार को पांचवे चरण के तहत 51 सीटों पर मतदान किया गया। अब अगले दो चरण के मतदान 12 मई और 19 मई को वोटिंग होगी। चुनाव का परिणाम 23 मई को घोषित किया जाएगा।