लोकसभा चुनाव 2024: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तीसरे चरण के मतदान से ठीक पहले सपा की यूपी इकाई में बड़ा बदलाव कर दिया है। पार्टी के मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल की जगह अब श्याम लाल पाल को अध्यक्ष बनाया गया है। श्याम लाल समाजवादी पार्टी के प्रदेश महासचिव भी रह चुके हैं। वह फिलहाल पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष थे।

चुनाव लड़ रहे हैं नरेश उत्तम पटेल

नरेश उत्तम पटेल उत्तर प्रदेश की फतेहपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। वह पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के बेहद करीबी माने जाते हैं। माना जा रहा है कि चुनावी मैदान में उनके पूरी तरह सक्रिय रहने की वजह से उन्हें प्रदेश अध्यक्ष पद से फ्री किया गया है ताकि वह अपने चुनाव में ध्यान लगा सकें।

कल उत्तर प्रदेश की इन 10 सीटों पर होगी सभी की नजर

उत्तर प्रदेश में 7 मई को तीसरे चरण में 10 लोकसभा सीटों पर वोटिंग होगी। तीसरे चरण में यूपी की कई महत्वपूर्ण सीटों पर सभी की नज़रें हैं। यूपी की जिन 10 लोकसभा सीटों पर मतदान होना है उनमें संभल, हाथरस, आगरा ,फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदांयू, आंवला और बरेली शामिल हैं।

तीसरे चरण में मुलायम सिंह परिवार के तीन सदस्य भी मैदान में दिखाई देंगे। खासतौर पर चर्चा सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव के चुनाव पर है। वह मैनपुरी से चुनाव लड़ रही हैं जहां बीजेपी ने उनके के खिलाफ पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह को मैदान में उतारा है।

आगरा से केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल बीजेपी की ओर से मैदान में हैं। वहीं भाजपा ने राजस्व राज्य मंत्री अनूप वाल्मिकी को हाथरस से मैदान में उतारा है। बीजेपी ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह को एटा से और पूर्व राज्य मंत्री छत्रपाल सिंह गंगवार को बरेली से मैदान में उतारा है। फ़तेहपुर सीकरी में बीजेपी ने राजकुमार चाहर को टिकट दिया है, जबकि यहां कांग्रेस से रामनाथ सिकरवार मैदान में हैं।