Lok Sabha Chunav 2024: बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और लालू प्रसाद यादव की पत्नी राबड़ी देवी ने नीतीश कुमार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा की हमारे 9 बच्चे हैं तो क्या हुआ सब अपने क्षेत्र में अच्छा कर रहे हैं। बुधवार को पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र में अपनी बड़ी बेटी मीसा भारती के पक्ष में प्रचार करते हुए राबड़ी देवी ने नीतीश कुमार के 9 बच्चे वाले बयान का जवाब दिया है। उन्होंने नीतीश कुमार पर यह भी आरोप लगाया कि उनका एक ही बेटा है और फिर भी उसे अच्छे से संभाल नहीं सकते हैं।

दरअसल पूरा मामला नीतीश कुमार के चुनावी रैलियों के उस बयान से निकला है जिसमें सीएम ने लालू-राबड़ी पर 9 बच्चे पैदा करने का आरोप लगाया था।। नीतीश कुमार ने अपने कई भाषणों में कहा है कि कोई इतने बच्चा कैसे पैदा कर सकता है? ये लोग (लालू -राबड़ी) सिर्फ अपने बच्चे को बढ़ाते हैं। सीएम ने राजद पर परिवारवाद का आरोप भी लगाया था।

राबड़ी देवी ने दिया करारा जवाब

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बच्चों वाले बयान पर राबड़ी देवी भड़क उठीं और नीतीश कुमार को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार चुनाव प्रचार अभियान के दौरान गाली-गलौज कर रहे हैं। उन्हें इस बात से भी दिक्कत है कि हमारे 9 बच्चे हैं। उन्हें पता होना चाहिए कि हमने परिवार के साथ-साथ राज्य भी चलाया है। अगर जरूरत पड़ी तो हम देश भी चला सकते हैं।

पीएम मोदी पर भी साधा निशाना

सीएम नीतीश कुमार के साथ-साथ राबड़ी देवी ने प्रधानमंत्री मोदी पर भी तीखा हमला बोला और मोदी के जेल भेजने वाले बयान की आलोचना की। उन्होंने कहा कि उन्हें हमारे पूरे परिवार को जेल भेजने दीजिए। हमने उनकी ज्यादतियां झेली हैं। हम सविधान और देश के लिए और भी कष्ट सहने के लिए तैयार हैं।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के एक बेटे निशांत हैं। निशांत राजनीति में सक्रिय नहीं हैं। मीडिया की सुर्खियों से भी काफी दूर रहते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स और सीएम के चुनावी हलफनामे से पता चलता है कि नीतीश कुमार से ज्यादा उनके बेटे निशांत कुमार के पास संपति है।