उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में एक तेंदुए ने शनिवार सुबह यहां के एक गांव में तीन साल के बच्चे को उसकी मां की गोद से छीनकर मार डाला। बेरीनाग वन क्षेत्र अधिकारी जगदीश जोशी ने कहा कि बच्चे की मां जब अपने घर के आंगन में उसे स्तनपान करा रही थी, तभी तेंदुए ने बच्चे पर हमला कर दिया। जोशी ने कहा कि ग्रामीणों द्वारा उसका पीछा किए जाने के बाद तेंदुए ने बच्चे को लगभग 250 मीटर तक घसीटने के बाद छोड़ दिया।
गांव में लगाया गया है पिंजराः उन्होंने कहा कि लड़का नैतिक कर्क को पास के एक अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वन अधिकारी ने कहा, ‘‘गांव में एक पिंजरा लगाया गया है और गश्त तेज कर दी गई है।’’जिले में इस महीने में तेंदुए द्वारा की गई यह दूसरी हत्या है।
महिला को तेंदुए ने मार डालाः पिथौरागढ़ वन प्रभाग के पपदेव गांव में 3 सितंबर को 22 वर्षीय एक महिला को तेंदुए ने मार डाला था। इससे पहले भारतीय सीमा से लगे बैतड़ी जिले में एक तेंदुए ने सात साल के बच्चे को मार डाला था।
घात लगाकर बैठा था तेंदुआः जानकारी के मुताबिक बच्चा घर के आंगन में खेल रहा था। इस दौरान वहां पर घात लगाकर बैठा तेंदुआ बच्चे को उठाकर अपने साथ जंगल की तरफ ले गया। प्रहरी प्रवक्ता ने जानकारी दी कि काफी तलाश के बाद बच्चे का शव जंगल में पड़ा हुआ मिला। बच्चे को शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। यही नहीं कुछ समय पहले उत्तर प्रदेश के आजाद नगर में एक तेंदुए ने एक लड़की को अपना शिकार बनाया था। इस घटना से नाराज लोगों ने सड़कों पर उतरकर काफी हंगामा किया था। जिससे वहां का यातायात काफी प्रभावित हुआ था।