Bharat Jodo Yatra in Maharashtra : महाराष्ट्र में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के आने से पहले राज्य में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं। राहुल गांधी की तरह तेज चलने फिट दिखने के लिए व्यायाम और अभ्यास करते दिख रहे हैं। भारत जोड़ो यात्रा 7 नवंबर को शाम करीब 7 बजे तेलंगाना से महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के देगलुर पहुंचने वाली है।
कांग्रेस के नेता लगा रहे हैं पुश-अप
राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने कहा कि वह और अन्य नेता राहुल गांधी के कदमों से कदम मिलाकर तेज चलने के लिए व्यायाम और अभ्यास कर रहे हैं जबकि राज्य कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि वह यात्रा के लिए खुद को फिट रखने के लिए अभ्यास और पुश-अप कर रहे हैं। कई मौकों पर राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान खुद को फिट दिखाने के प्रयास किए हैं। जहां वह बच्चों से दौड़ लगाते नजर आए आए हैं तो उन्हे फुटबाल खेलते हुए भी देखा गया है। ऐसे में महाराष्ट्र में उनकी यात्रा पहुंचने से पहले कांग्रेस नेताओं खुद को फिट रखने के लिए यह सब कर रहे हैं।
अशोक चव्हाण ने कहा “नांदेड़ नागरिक यात्रा में भाग लेने के लिए पूरी तरह तैयार हैं’
प्रदेश में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और नांदेड़ के रहने वाले अशोक चव्हाण ने कहा कि नांदेड़ के नागरिक यात्रा में भाग लेने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। जब भी हमें समय मिलता है हम अभ्यास और व्यायाम कर रहे हैं। चलना स्वास्थ्य के लिए अच्छा है। वहीं पटोले ने कहा कि पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख के रूप में राहुल गांधी के साथ राज्य में यात्रा के पूरे 382 किलोमीटर लंबे हिस्से की यात्रा करना उनका ज़िम्मेदारी है। कांग्रेस नेता और नांदेड़ से विधायक डीपी सावंत ने कहा कि राज्य के पार्टी नेता यात्रा के दौरान जितना हो सके पैदल चलने की कोशिश करेंगे।
महाराष्ट्र पहुंचेगी भारत जोड़ो यात्रा
महाराष्ट्र में भारत जोड़ो यात्रा 14 दिनों तक ठहरेगी। इस दौरान 15 विधानसभा और 6 संसदीय क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। यात्रा सोमवार शाम को देगलुर के मदनूर नाका पहुंचेगी और अगले दिन सुबह 6.30 बजे पैदल मार्च डेगलुर बस स्टैंड से शुरू होगा। महाराष्ट्र कांग्रेस ने यात्रा के स्वागत के लिए बड़े पैमाने पर इंतजाम किए हैं और इन तयारियों में राज्य का पूरा नेतृत्व मौजूद रहेगा।
