झारखंड के कोलेबिरा और गुजरात के जसदण विधानसभा उपचुनाव के नतीजे आ गए हैं। इन दोनों ही सीटों पर बीजेपी और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला था। गुजरात की सीट पर भाजपा को जीत मिली है। वहीं, झारखंड के कोलेबिरा सीट पर कांग्रेस के नमन बिक्सल ने 9658 वोटों से जीत दर्ज की। गुजरात के जसदण में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार कुंवरजी बावलिया की जीत हुई है।

कुंवरजी बावलिया हाल ही में पाला बदलकर कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए थे। इसी वजह से ये सीट खाली हुई थी। बावलिया ने लगभग 19 हजार 985 वोटों से जीत हासिल की है। इस सीट पर कांग्रेसी नेता नकिया दूसरे स्थान पर रहे। इस तरह गुजरात में भाजपा के विधायकों का आंकड़ा अब बढ़कर 100 हो गया है।  इससे पहले 2017 के विधान सभा चुनावों में भाजपा का आंकड़ा 99 पर अटक गया था। हालांकि 16 सीटें कम होने के बावजूद राज्य में भाजपा की सरकार बनी थी।

जीत पर क्या बोले CM विजय रूपाणी –

जसदण सीट पर मिली जीत के बाद गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कहा, ‘यह रिजल्ट दर्शाता है कि बीजेपी 2019 लोकसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी।’

वहीं झारखंड की कोलेबिरा सीट पर भाजपा की तरफ से बसंत सोरेन मैदान में थे। उन्हें  कांग्रेस ने नमन बिक्सल कोंगाड़ी ने हराया। इस सीट पर कांग्रेस ने 9658 वोटों से जीत दर्ज की। झारखंड के कोलेबिरा सीट से विधायक इनोस एक्का को एक टीचर की हत्या के मामले में दोषी करार दिया गया था, जिसके कारण यहां उप चुनाव कराए गए थे। गौरतलब है कि गुजरात में फिलहाल बीजेपी की सरकार है। 2017 में हुए गुजरात विधानसभा के चुनाव में बीजेपी को बहुमत मिला था। हालांकि कांग्रेस पार्टी ने पिछली बार के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन किया था।