होली सेलिब्रेशन को लेकर भोजपुरी इंडस्ट्री काफी चर्चा में रहती है। होली के आसपास भोजपुरी स्टार्स-सिंगर्स के गानों के एलब्म आते हैं जो कि काफी चर्चा में रहते हैं। इस साल भी होली के मौके पर कई स्टार्स के एल्बम आए। होली के गानों को लेकर पवन सिंह, खेसारी लाल यादव, दिनेश निरहुआ जैसे स्टार्स काफी मशहूर रहे हैं। इसी बीच, खेसारी लाल ने अपनी कमाई को लेकर बयान दिया है जिसके कारण वे चर्चा में हैं।

खेसारी लाल यादव को क्या है डर?
न्यूज चैनल आज तक के होली सेलिब्रेशन प्रोग्राम में भोजपुरी सिनेमा के स्टार खेसारी लाल यादव ने कहा कि वह आज एक गाने का कितना पैसा लेते हैं ये नहीं बताएंगे। आगे मजाकिया अंदाज में कहा- नहीं तो इनकम टैक्स डिपार्टमेंट का छापा पड़ जाएगा। बता दें कि खेसारी लाल यादव न सिर्फ भोजपुरी इंडस्ट्री में हिट हैं बल्कि उनके गाने और एक्टिंग की भी खूब तारीफ होती है। खेसारी लाल यादव कि गिनती भोजपुरी के महंगे एक्टर्स के तौर पर होती है।

इसी कार्यक्रम में खेसारी लाल ने अपनी पहली कमाई और संघर्ष के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि पहली बार उन्हें स्टेज पर गाने के लिए 21 रूपए एडवांस में मिले थे। उन्होंने यह भी बयां किया कि कैसे उन्होंने पहला गाना बनाया था और हिट हो गया था।

 

हिट हैं खेसारी लाल के गाने
भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव के इस बार के होली के गीत भी हिट हैं। हाल में उन्होंने ‘शादी होते जान भुला जइबू का हो’ गाया था जो कि भोजपुरी इंडस्ट्री में धूम मचा रहा है। ‘अईसन ड्रेस में झलके सारा’ शीर्षक का गीत भी लोगों के बीच काफी पसंद किया जा रहा है। ये गाने यूट्यूब पर काफी हिट हो रहे हैं।

16 मार्च को खेसारी लाल यादव ने अपना 30 वां बर्थडे मनाया था। इस मौके पर मुंबई के उनके घर पर जमकर पार्टी हुई थी जिसमें भोजपुरी और बॉलीवुड के कई स्टार शामिल हुए थे। इससे पहले 11 मार्च को उनकी फिल्म ‘कुली नं.1’ का ट्रेलर  रिलीज हुआ था, जिसे 12 घंटे में 1 मिलियन से ज्‍यादा व्‍यूज मिले थे। बता दें कि खेसारी लाल यादव खेसारी म्‍यूजिक वर्ल्‍ड पर अपने गाने रिलीज करते हैं। इस फिल्म में उनके अपोजिट काजल राधवानी काम कर रही हैं।