केरल के मल्लपुरम इलाके के एक सरकारी कॉलेज के परिसर में दो छात्रों को ‘ फ्रीडम फॉर कश्मीर’ के पोस्टर लगाने पर गिरफ्तार किया गया। बता दें कि गिरफ्तार छात्रों के खिलाफ कॉलेज कैंपस में पाकिस्तान समर्थक पोस्टर लगाने पर देशद्रोह का मामला दर्ज किया गया है। गौरतलब है कि हाल ही के वक्त में ये पहला ऐसा मामला नहीं है जब किसी पर देशद्रोह का मामला दर्ज हुआ है।

देशद्रोह का मुकदमा दर्जः सरकारी कॉलेज से गिरफ्तार छात्रों का नाम मोहम्मद रिनशाद और मोहम्मद फारिस बताया जा रहा है। जिनपर देशद्रोह का मामला दर्ज हुआ है। गौरतलब है कि हाल ही के दिनों में ऐसी कई घटनाएं देखने को मिली हैं जहां देश विरोधी नारे और पोस्टर लगाने पर देशद्रोह का मामला दर्ज हुआ है। कुछ समय पहले दिल्ली के जंतर-मंतर पर 28 वर्षीय एक युवक ने भारत विरोधी नारे लगाए थे। जिसके बाद लोगों ने गुस्से में उसकी जमकर पिटाई कर दी थी। आबिद हुसैन नाम का यह शख्स कश्मीर से आया था। वहीं बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था।

19 फरवरी को भी हो चुकी है गिरफ्तारी: बता दें कि इसी सिलसिले में 19 फरवरी को जमशेदपुर में पुरुलिया सड़क पर भारत विरोधी नारे लगाने पर एक शख्स को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया था। यह घटना आजादपुर पुलिस थाना क्षेत्र के पास हुई थी। शख्स की पहचान अनस राजी के रुप में हुई थी, जो जाकिर नगर निवासी है। अनस अपने कुछ दोस्तों के साथ मिलकर सड़क पर भारत विरोधी नारे लगा रहा था।

केरल: बाढ़ से अब तक 167 लोगों की मौत; मोदी करेंगे दौरा

 

14 फरवरी को हुआ था आतंकी हमलाः गौरतलब है कि 14 फरवरी को जम्मू- कश्मीर में हुए पुलवामा आतंकी हमले के बाद से देश की जनता में आक्रोश और गुस्सा भरा हुआ है। यही नहीं पूरे विश्व में इस कायराना हमले की निंदा की जा रही है। बता दें कि पुलवामा हमले में आंतकी आदिल अहमद डार ने आइईडी से भरी गाड़ी को सीआरपीएफ की बस में टक्कर मार दी थी। जिससे जोरदार धमाका हुआ था। वहीं पुलवामा हमले के बाद मुठभेड़ में तीन आंतकवादियों को मार गिराया था हालांकि इस मुठभेड़ में मेजर सहित पांच जवान शहीद हो गए थे।