लड़का और लड़की दोनों एक दूसरे से प्यार करते थे। जिंदगी साथ बीताना चाहते थे, लेकिन अलग-अलग जाति होने की वजह से उनके घरवाले इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे। आखिरकार दोनों ने सामाजिक बंधन को तोड़ते हुए घरवालों की मर्जी के खिलाफ मंदिर में शादी में शादी कर ली। इसके बाद उन्हें सलाह दी गई कि भविष्य में किसी तरह की उलझनों में न पड़ें, इसलिए शादी का रजिस्ट्रेशन करवा लें। दोनों बाइक पर सवार होकर शादी का रजिस्ट्रेशन करवाने जा रहे थे, तभी सड़क हादसे में उनकी मौत हो गई। साथ जीने का वादा करने वाले प्रेमी जोड़े एक साथ इस दुनिया से विदा हो गए। घटना कर्नाटक की है। रामनगर की रहने वाली 19 वर्षीय सहाना और कनकपुरा तालुक के रहने वाले 22 वर्षीय दर्शन की प्रेम कहानी का अंत हो गया।
दर्शन और सहाना लंबे समय से एक-दूसरे से प्यार करते थे, लेकिन अलग-अलग जाति की वजह से उनके परिजन शादी के खिलाफ थे। दोनों ने कई बार इस शादी के लिए अपने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। आखिरकार दोस्तों की सहायता से प्रेमी जोड़े ने रामनगर स्थित एक मंदिर में शादी कर ली।
इसके बाद उनके परिजनों ने इस रिश्ते को स्वीकार कर लिया और सलाह दी कि भविष्य में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए वे अपनी शादी को रजिस्टर करवा लें। नवविवाहित जोड़ा बीते गुरुवार (21 फरवरी) को शादी का रजिस्ट्रेशन करवाने के लिए बाइक से मैसूर की ओर निकले, लेकिन वे मैसूर पहुंच नहीं सकें। बीच रास्ते में ही दुर्घटना का शिकार हो गए।
घटना के बाद जुटे स्थानीय लोगों ने देखा कि सहाना की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दर्शन को एंबुलेंस की सहायता से बेंगलुरु की एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। यहां करीब एक दिन तक जिंदगी और मौत से जूझते हुए उसने भी शुक्रवार की रात दम तोड़ दिया।