कर्नाटक में इन दिनों धर्मांतरण, उससे जुड़े विवाद और हिन्दूवादी संगठनों से जुड़ी खबरें लगातार आ रही हैं। हमेशा इन मुद्दों को लेकर टकराव देखा जा रहा है। ऐसे ही एक मामले में महिलाओं के एक समूह ने हिन्दू संगठन के लोगों को घर से खदेड़ दिया।
कर्नाटक में एक घर में जब ये लोग जबरन घुसकर वहां मौजूद लोगों से क्रिसमिस मनाने पर ऐतराज और पहनावे पर सवाल उठाने लगे, तो महिलओं ने उन्हें सख्ती से जवाब देते हुए घर से बाहर निकाल दिया। घटना राज्य के तुमकुरु की है। दरअसल क्रिसमस के तीन दिन बाद यानि कि मंगलवार को पुरुषों का एक समूह ओबीसी समुदाय के एक परिवार के घर में जा घुसा।
घर में घुसकर उन्होंने सवाल किया कि परिवार क्रिसमस क्यों मना रहा है और महिलाओं ने हिंदू महिलाओं की तरह सिंदूर क्यों नहीं लगाया हुआ है। एनडीटीवी के अनुसार उनमें से एक पुरुष ने पूछा- “आप क्रिसमस क्यों मना रहे हैं?” इस घटना का एक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है।
इसके बाद जब यही सवाल हिन्दूवादी संगठन के लोग बार-बार करने लगे तब महिलाएं भी पलटवार करने लगीं। महिलाओं ने कहा कि वो किसकी प्रार्थना करती हैं वो उनका विशेषाधिकार है। वो क्या पहनतीं है, इसे लेकर किसी और से पूछने की जरूरत नहीं है। इस नोकझोंक के दौरान महिलाओं ने धर्मांतरण के आरोपों का भी खंडन किया।
इसके बाद महिलाओं ने वहां मौजूद इन लोगों से घर से बाहर निकल जाने के लिए कह दिया। काफी देर तक तीखी नोकझोंक हुई, हिन्दूवादी संगठन के लोगों को वहां से बाहर निकलना पड़ गया। हालांकि बाद में पुलिस पहुंची तब जाकर मामला शांत हुआ। इससे संबंधित कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
मिली जानकारी के अनुसार ये परिवार कई सालों से क्रिसमस मना रहा है, लेकिन इस साल इस पर सवाल उठाने के लिए हिन्दू संगठन से जुड़े लोग पहुंच गए और सवाल-जवाब करने लगे। जिसके बाद महिलाओं ने उन्हें घर से बाहर निकाल दिया।
बता दें कि कर्नाटक में धार्मिक असहिष्णुता की घटनाओं की संख्या बढ़ती जा रही है। यहां दक्षिणपंथी समूह लगातार ऐसे विवादों में घिर रहे हैं।