Karnataka Politics : 2023 के कर्नाटक (Karnataka) विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा (BJP) और कांग्रेस (Congress) के बीच सियासी पारा चढ़ता दिखाई दे रहा है। कांग्रेस पार्टी ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ( Basavaraj Bommai) पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला (Randeep Singh Surjewala) ने एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा है कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री मतदाता डाटा की चोरी और धोखाधड़ी में शामिल हैं।
उन्होने आरोप लगाया कि सीएम बोम्मई ने एक निजी संस्था के सहारे आम लोगों की जानकारी इकट्ठी की है। वह लोकतंत्र को रौंदने का प्रयास कर रहे हैं। कर्नाटक में कांग्रेस ने पुलिस कमिश्नर के सामने सीएम बसवराज बोम्मई सहित बीबीएमपी आयुक्त और अन्य अधिकारियों के खिलाफ उनके आरोप के संबंध में शिकायत दर्ज की है जिसमें एक निजी संस्था के जरिए आम लोगों का चुनावी डेटा इकट्ठा किए जाने का आरोप लगाया गया है।
प्रेस कांफ्रेस कर लगाए गंभीर आरोप
कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला (Randeep Singh Surjewala) ने इस मामले पर एक प्रेस वार्ता की और कर्नाटक के मुख्यमंत्री पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सुरजेवाला ने कहा कि डोर-टू-डोर मतदाताओं जानकारी एकत्र करने के लिए एक निजी संस्था को नियुक्त करके चुनाव में फायदा हासिल करने के लिए आम लोगों की जानकारी इकट्ठी करने का प्रयास किया गया है। उन्होने कहा कि बोम्मई को इस मामले पर तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि निजी फर्म ने सैकड़ों बूथ स्तर के अधिकारियों (बीएलओ) को भी नियुक्त किया जो तकनीकी रूप से सरकार द्वारा नियुक्त व्यक्ति होना चाहिए। साथ ही कहा कि इन बीएलओ को पहचान पत्र भी दिया गया था जैसे कि वे सरकारी कर्मचारी हों।
मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग
कांग्रेस पार्टी ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री से जनता के साथ धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए उनसे इस्तीफा ले लिए जाने की बात कही है। कांगेस नेताओं ने सवाल किया कि एक निजी संस्था को मतदाताओं का डेटा एकत्रित करने की अनुमति किसने दी? इस बात की जांच की जानी चाहिए। सुरजेवाला ने पूछा एक निजी संस्था को जाति, धर्म, लिंग, मातृभाषा, वैवाहिक स्थिति, आधार संख्या, फोन नंबर, पता, मतदाता पहचान संख्या, मतदाताओं के ईमेल पते आदि की जानकारी एकत्र करने की अनुमति कैसे दी जा सकती है।