हाल ही में रिलीज हुई कन्नड़ भाषा में बनी फिल्म ‘777 चार्ली’ में इंसान और कुत्ते के बीच भावनात्मक संबंधों को इतनी सहजता के साथ दर्शाया गया है कि हर कोई इस फिल्म को देखना चाह रहा है। खुद कर्नाटक के मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई सोमवार को अपने व्यस्तता में से कुछ समय निकालकर बेंगलुरु के राजाजीनगर इलाके में स्थित ओरियन मॉल में ‘777 चार्ली’ की विशेष स्क्रीनिंग देखने पहुंचे। उन्होंने इस फिल्म को मस्ट वॉच कहा। इसकी स्क्रीनिंग के दौरान उनको अपने पालतू कुत्ते स्नूबी की याद आ गई, जिसकी पिछले साल जुलाई में उनके सीएम पद की शपथ लेने से पहले मौत हो गई थी। इस वजह से मीडिया से बात करते वक्त उनकी आंखों में आंसू आ गए। इस फिल्म को कन्नड़ के अलावा हिन्दी, तेलुगू, तमिल और मलयालम भाषाओं में रिलीज किया गया है।
10 जून को रिलीज हुई कन्नड़ फिल्म 777 चार्ली में एक आदमी और उसके पालतू कुत्ते चार्ली के बीच के बंधन को दर्शाया गया है। रिलीज होने के बाद से यह फिल्म खूब पसंद की जा रही है। कर्नाटक के सीएम ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि, “कुत्तों के बारे में बहुत फिल्में बनी हैं, लेकिन यह फिल्म जानवरों को भावनाओं के साथ दिखाती है। कुत्ता अपनी भावनाओं को अपनी आंखों के माध्यम से व्यक्त करता है। फिल्म अच्छी है, और सभी को इसे देखना चाहिए। मैं बिना शर्त प्यार के बारे में बात करता रहता हूं। एक कुत्ते का प्यार बिना शर्त प्यार है, जो शुद्ध है।”
बोम्मई खुद डॉग लवर हैं। वे और उनका परिवार अपने पालतू कुत्ते के खोने पर काफी सदमे की स्थिति में आ गए थे। इसकी तस्वीरें पिछले साल वायरल हुई थीं। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने स्क्रीनिंग के दौरान रोते हुए मुख्यमंत्री की तस्वीरें शेयर की हैं। उनकी कुछ तस्वीरों में उनके अपने पालतू कुत्ते स्नूबी की मौत के बाद उनके रोते हुए साझा की गई हैं। तस्वीरों में वह अपने पालतू जानवर के शरीर को गले लगाते और चूमते नजर आ रहे हैं।
फिल्म देखने के बाद बोम्मई ने कहा था, ‘मनुष्यों और जानवरों के बीच का रिश्ता देखा जा सकता है। दोनों एक-दूसरे से प्यार करते हैं और इस रिश्ते को इस फिल्म में भावनात्मक और नाजुक रूप में सार्थक तरीके से चित्रित किया गया है।”