यूपी (पूर्व) में कांग्रेस महासचिव बनाए जाने के बाद प्रियंका गांधी के चुनाव लड़ने को लेकर भी अटकलें तेज हो गईं। हालांकि, अब बात यह हो रही है कि वे किस सीट से चुनाव लड़ सकती हैं। सूत्रों का कहना है कि वे रायबरेली से चुनाव लड़ेंगी, क्योंकि अब सोनिया गांधी मैदान से हट सकती हैं। लेकिन कपिल सिब्बल के एक ट्वीट ने इस बात को नई दिशा दे दी है। सिब्बल ने इस ट्वीट में बिना नाम लिए योगी-मोदी पर निशाना साधा और बीजेपी के ‘कांग्रेस मुक्त भारत’ नारे पर पलटवार किया। ऐसे में प्रियंका के गोरखपुर या वाराणसी से चुनाव लड़ने पर चर्चा होने लगी है।
सिब्बल ने यह लिखा ट्वीट में : मोदीजी और अमित शाह कहते थे कि कांग्रेस मुक्त भारत। यूपी (ईस्ट) में प्रियंका गांधी की एंट्री के बाद हम देखेंगे। …….मुक्त वाराणसी? …….मुक्त गोरखपुर।
अचानक सक्रिय राजनीति में शामिल हुईं प्रियंका : बता दें कि काफी समय से प्रियंका गांधी को सक्रिय राजनीति में शामिल करने की मांग उठ रही थी। अब उन्हें पार्टी महासचिव बनाए जाने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में काफी जोश है। अब अटकलें लग रही हैं कि वे गोरखपुर या वाराणसी से चुनावी मैदान में उतर सकती हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल के ट्वीट से इसके संकेत मिलने लगे हैं। पहले प्रियंका सिर्फ रायबरेली और अमेठी की लोकसभा सीटों पर चुनाव प्रचार करती थीं।
विजयवर्गीय ने भी कसा तंज : प्रियंका की एंट्री पर बीजेपी के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा है कि अब केवल जीजाजी रह गए हैं। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, ‘बस जीजाजी ही तो बाकी रह गए हैं, उनको कोषाध्यक्ष बना दीजिए।’