विपक्ष की ओर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के एक कार्यक्रम में पहुंचे कांग्रेस सांसद की कीमती पेन खो गयी। इस पेन की कीमत 1.50 लाख रुपए है। कांग्रेस सांसद की ओर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।

कन्याकुमारी से कांग्रेस के सांसद विजय वसंत को अपनी अनमोल पेन वापस पाने का इंतजार है, जिसे उन्होंने चेन्नई में यशवंत सिन्हा के एक कार्यक्रम के दौरान खो दिया था। सांसद विजय वसंत ने पुलिस से शिकायत की है कि चेन्नई के एक होटल में एक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद से उनकी 1.50 लाख रुपये की कलम गायब हो गई थी। कार्यक्रम में यशवंत सिन्हा ने तमिल में द्रमुक के नेतृत्व वाले गठबंधन के विधायकों और सांसदों से मुलाकात की थी।

1.50 लाख रुपए का पेन: मंगलवार (5 जुलाई 2022) को गिंडी पुलिस में दर्ज अपनी शिकायत में वसंत ने कहा कि खोया हुआ पेन एक मोंटब्लैंक फाउंटेन पेन था। वह 1.50 लाख रुपए के उस पेन को अनमोल मानते हैं, जो उन्हें उनके दिवंगत पिता और कन्याकुमारी के पूर्व सांसद एच. वसंतकुमार से विरासत में मिला है।

दर्ज कराई शिकायत: पुलिस की ओर से कहा गया है कि औपचारिक पुलिस शिकायत दर्ज होने के बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच हो सकती है। अभिनेता से राजनेता बने विजयकुमार उर्फ विजय वसंत ने बताया कि यह पेन उनके लिए खास था इसलिए उसके खोने की शिकायत पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई है। कांग्रेस सांसद ने मीडियाकर्मियों को बताया कि गिंडी में होटल में भारी भीड़ थी और याद है कि होटल में घुसते समय उनकी जेब में पेन था, लेकिन बाहर आने पर उन्होंने देखा कि वह पेन उनकी जेब में नहीं था। सांसद ने तुरंत होटल अधिकारियों के पास भी शिकायत दर्ज कराई थी।

विजय वसंत ने कहा, “अप्पा इसका इस्तेमाल करते थे और उनके निधन के बाद से मैंने इस पेन का इस्तेमाल किया है। इसे इस्तेमाल करते हुए अब करीब दो साल हो गए हैं।” सांसद ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान केवल पार्टी के नेता और कार्यकर्ता के साथ-साथ सहयोगी दलों के नेता और कार्यकर्ता ही होटल में मौजूद थे जब उनकी कलम गायब हुई। उन्होंने कहा कि इससे यह सुनिश्चित हो जाता है कि कलम चोरी नहीं हुई थी बल्कि गायब की गयी है। विजय वसंत ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि पुलिस जल्द ही इसे बरामद कर लेगी।