उत्तर प्रदेश के कानपुर में 10वीं की छात्रा की निर्मम हत्या की घटना सामने आई है। बीते रविवार सुबह जाफराबाद बाईपास के पास एक बगीचे में लड़की का शव मिला है। लड़की के शव की स्थिति को देखकर गांव वालों ने बलात्कार की आशंका जताई है। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लड़की के शरीर से 10 चोट की निशान मिले हैं। वहीं लड़की के गर्भवती होने की बात भी कही जा रही है।

कानपुर के बिंदकी की रहने वाली 14 साल की लड़की वहीं पास के ही इंटर कॉलेज में 10वीं का छात्रा थी। घर वाले के मुताबिक लड़की शनिवार शाम 4 बजे के करीब घर से कोचिंग के लिए निकली थी। हालांकि जब वो रात आठ बजे तक अपने घर नहीं पहुंची तो लड़की के परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू कर दी। इसकी जानकारी 1076 पर कॉल करके भी दी गई। परिजन और पुलिस वाले रात भर लड़की की खोजबीन करते रहे लेकिन कोई जानकारी हाथ नहीं लगी।

शव के पास शराब और बियर की बोतल मिली

अगले दिन रविवार की सुबह जब जाफराबाद बाईपास के पास एक बगीचे में लड़की का शव मिलने से हड़कंप मच गया। वहां के लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने लड़की के परिजनों को बुलाकर शव की शिनाख्त कराई। लड़की के शव के पास ही शराब और बियर की बोतल पड़ी हुईं थी। वहीं मामले को लेकर एएसपी विजय शंकर मिश्रा ने बताया की इसका जल्दी ही खुलासा किया जाएगा।

पुलिस ने इस मामले की जांच के लिए 4 टीमें गठित की हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।