कानपुर एनकाउंटर केस के मुख्य आरोपी विकास दुबे की मां सरला देवी का कहना है कि उसे पुलिस के सामने सरेंडर कर देना चाहिए नहीं तो उसे मुठभेड़ में मारा जा सकता है। न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में विकास की मां ने कहा कि उसने जो अपराध किया है उसे माफ नहीं किया जा सकता है अगर पुलिस उसे पकड़ भी लेती है तो उसे मार देना चाहिए।

कानपुर कांड के आरोपी विकास दुबे से उसकी मां अलग रहती है। वह  अपने छोटे बेटे दीपू की पत्नी अंजलि के साथ रहती है। अंजलि 10 साल से बकेरू गांव की प्रधान है। सरला देवी का कहना है कि इस घटना की जानकारी उन्हें नहीं थी टीवी पर खबर चलने के बाद उनकी बहू ने इस घटना के बारे में उन्हें बताया। सरला देवी का कहना है कि उनका बेटा अपराधी है। उसे बहुत समझाया गया कि अपराध की दुनिया छोड़ दे लेकिन उसने किसी की नहीं सुनी। सरला ने बताया कि लॉकडाउन से पहले उससे मुलाकात हुई थी वह अपने बीवी बच्चों के साथ दूसरे घर में रहता है।


गौरतलब है कि यूपी के कानपुर में हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे को पकड़ने गई पुलिस पर विकास दुबे और उसके शूटरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना में डीसीपी समेत आठ पुलिसकर्मी शहीद हो गए। वहीं जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दो बदमाशों को मार गिराया।

हालांकि घटनास्थल से मुख्य आरोपी विकास दुबे भाग निकला। घटना के सामने आने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानपुर एनकाउंटर में शहीद हुए आठ पुलिसकर्मियों के परजिनों के लिए एक-एक करोड़ रुपए मुआवजे का ऐलान किया है।