Kalyan Singh Last Rites: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह (Kalyan Singh) सोमवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। सिंह का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ बुलंदशहर जिले के नरौरा राजघाट पर हुआ। इस मौके सीएम योगी, गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई बड़े नेता शामिल हुए। इससे पहले पूर्व सीएम की अंतिम यात्रा अलीगढ़ के अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम से निकाली गई जोकि करीब 11.15 बजे पैतृक गांव अतरौली पहुंची थी। यहां उनके समर्थकों व पार्टी के नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की, इसके बाद वैदिक रीति रिवाज से उनका अंतिम अनुष्ठान किया गया। बेटे राजवीर सिंह द्वारा मुखाग्नि दी गई।
अमित शाह और योगी आदित्यनाथ ने दी श्रद्धांजलि: गृह मंत्री अमित शाह ने अलीगढ़ के अतरौली में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि दी।
अमित शाह: अमित शाह ने कहा कि कल्याण सिंह जी का इस दुनिया से चले जाना भाजपा के लिए बहुत बड़ी क्षति है। उनके जाने के साथ भाजपा ने अपना एक दिग्गज और हमेशा संघर्षरत रहने वाला नेता खोया है। देशभर और विशेषकर उत्तर प्रदेश के दबे-कुचलों और पिछड़ों ने अपना एक हित चिंतक गंवाया है। अतरौली में गृह मंत्री ने कहा कि कल्याण सिंह जी रामजन्मभूमि आंदोलन के बड़े नेता रहे और रामजन्मभूमि आंदोलन के लिए सत्ता त्यागने में उन्होंने ज़रा नहीं सोचा। श्री रामजन्मभूमि के शिलान्यास के दिन उन्होंने बड़े हर्ष और संतोष से बताया कि मेरे जीवन का लक्ष्य आज पूरा हो गया।
शिवराज सिंह भी अतरौली पहुंचे: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अलीगढ़ के अतरौली में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि दी।
पैतृक गांव पहुंचा पार्थिव शरीर: पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर को अलीगढ़ के महारानी अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम से अतरौली में उनके पैतृक गांव ले जाया गया। यह भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी है।
सुरक्षा इंतजाम का जायजा: VVIP के आगमन को देखते हुए नरौरा परमाणु केंद्र में हैलीपैड की व्यवस्था की गई है, इसके अलावा पूर्व पीएम के अंतिम संस्कार कार्यक्रम को देखते हुए शनिवार रात मेरठ जोन एडीजी राजीव सभरवाल, आईजी प्रवीण कुमार भी नरौरा पहुंचे, स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर उन्होंने सुरक्षा का जायजा लिया, साथ ही अंतिम संस्कार स्थल का भी दौरा किया।
कल्याण सिंह के नाम पर रखा जाएगा अयोध्या की सड़क का नाम: यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने कहा कि अयोध्या में राम जन्मभूमि की ओर जाने वाली सड़क का नाम यूपी के पूर्व सीएम कल्याण सिंह (फाइल फोटो में) के नाम पर रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि अयोध्या के अलावा लखनऊ, प्रयागराज, बुलंदशहर और अलीगढ़ में एक-एक सड़क का नाम उनके नाम पर रखा जाएगा।
पीएम मोदी ने दी थी श्रद्धांजलि: इससे पहले शनिवार को उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक जताया। कहा कि भारत की सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध करने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई है। आने वाली पीढ़ियां इसके लिए उनकी आभारी रहेंगी। उन्होंने कल्याण सिंह के पुत्र राजवीर सिंह से बात की और संवेदनाएं प्रकट कीं।
सीएम योगी ने जताया दुख: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान के बाहर पत्रकारों से कहा, ”हम सबके लिए दुखद समाचार है, प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह जी हमारे बीच नहीं रहे।