दिल्‍ली पुलिस ने बलात्‍कार और कत्‍ल के जुर्म में एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। उस पर आरोप है कि उसने 22 साल के अपने दोस्‍त के साथ मिल कर 25 साल की एक महिला का पहले रेप किया, फिर कत्‍ल कर लाश ठिकाने लगा दी। लाश जंगल में फेंकने से पहले दोनों ने एक बार फिर बलात्‍कार किया। घटना के वक्‍त महिला घर में अकेली थी। आरोपी को पहले से इस बात की जानकारी थी। उसने दोस्‍त के साथ पहले शराब पी और रात डेढ़ बजे पड़ोसी की छत पर चढ़ कर पीड़‍ित के घर में दाखिल हो गया। क्‍लोरोफॉर्म सुंघा कर महिला को बेहोश किया। फिर बलात्‍कार किया। जब थोड़ी देर बाद महिला होश में आ गई तो नाबालिग के साथी ने उसकी हत्‍या कर दी। डीसीपी (नॉर्थ वेस्‍ट) विजय सिंह ने यह जानकारी दी।

घटना शनिवार की और नॉर्थ-वेस्‍ट दिल्‍ली के मुकुंदपुर इलाके की है। आरोपी की गिरफ्तारी सोमवार को हुई। पुलिस को उसके साथी अभिमन्‍यु की अभी तलाश है। पुलिस ने बताया कि पीडि़त फैशन डिजाइनिंग का कोर्स कर रही थी। वह किराये के मकान में रहती थी। उसके मां-बाप उत्‍तर प्रदेश में अपने गांव गए थे। सिंह के मुताबिक आरोपी को यह बात पता थी। दोनों ने घटनास्‍थल के पास ही व्हिस्‍की पी। इसके बाद नाबालिग आरोपी एक मकान की छत पर चढ़ा। छत से होते हुए वह महिला के घर में घुस गया। महिला का कत्‍ल करने के बाद दोनों आरोपियों ने उसकी लाश नीचे लाकर गाड़ी में रखी। वे पास के जंगली इलाके में लाश ले गए। सिंह ने बताया, ‘जंगल में दोनों ने लाश के साथ शारीरिक संबंध बनाए।’

सुबह जब महिला के माता-पिता ने फोन किया तो कोई जवाब नहीं मिला। तब उन्‍होंने पड़ोसी को फोन कर उसके बारे में मालूम करने के लिए कहा। पड़ोसियों को कुछ पता नहीं चला। इसके बाद अपहरण का मामला दर्ज कराया गया। शनिवार शाम जब स्‍थानीय लोगों को भलस्‍वा डेरी इलाके में एक महिला की लाश मिली तो उन्‍होंने पुलिस को इत्‍तला दी। लाश के शरीर पर पूरे कपड़े भी नहीं थे। तफ्तीश के बाद पुलिस नाबालिग आरोपी तक पहुंची। सिंह ने बताया कि शुरुआत में उसने घटना के बारे में कोई जानकारी होने से इनकार किया, लेकिन बाद में उसने सब कुछ कबूल कर लिया।