गुजरात के सबसे बड़े शहर अहमदाबाद में रविवार (14 जुलाई) को एक दर्दनाक हादसा में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं 27 अन्य के घायल होने की भी सूचना मिली है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक यह हादसा शहर में स्थित पर्यटक स्थल कांकरिया झील क्षेत्र में हुआ। यहां के एडवेंचर पार्क में संचालित एक झूला टूटकर जमीन पर गिर गया। इससे उसमें झूल रहे दो लोगों की मौत हो गई। घायलों में 14 लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि हादसा एक पेंडुलम झूले में गड़बडी के चलते हुआ।

32 सीटों वाले झूले में 29 लोग हादसे के शिकारः अहमदाबाद के महापौर बिजल पटेल ने कहा, ’29 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें से दो की मौत हो गई। 27 घायलों का इलाज चल रहा है।’ अहमदाबाद नगर निगम के चीफ फायर ब्रिगेड ऑफिसर एमएफ दस्तूर ने बताया कि झूले के मुख्य शाफ्ट की एक पाइप टूट गई, जिसके चलते झूला नीचे गिर गया। गोलाकार घूमने वाले इस झूले में 32 सीटें थीं।’ निगम के आयुक्त विजय नेहरा ने कहा , ‘मैंने एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है। झूले में गड़बड़ी क्यों आई, उसके कारणों की जांच की जाएगी। पुलिस और फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला मामले की जांच करेंगी। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।’

मृतकों की पहचान हुईः एक पुलिस अधिकारी के अनुसार मृतकों की पहचान मनाली राजवाडी (24) और मोहम्मद जावेद (22) के रूप में हुई है। हादसे के चलते खुशियां मनाने आए लोगों में गम का माहौल पसर गया। अचानक हुई इस दुर्घटना से घटनास्थल पर हड़कंप मच गया। फिलहाल घायलों का इलाज चल रहा है। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।