भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की पत्नी साक्षी सिंह रावत ने ट्वीट कर झारखण्ड में बिजली की समस्या को उठाया है। साक्षी सिंह रावत का ट्वीट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। सोशल मीडिया यूजर भी साक्षी रावत के ट्वीट पर अपनी राय व्यक्त करते हुए कमेंट कर रहें हैं। झारखण्ड में पारा 40 डिग्री के पार पहुँच गया है और कई जिलों में बिजली आपूर्ति में संकट आ रही है।
साक्षी सिंह रावत ने ट्वीट करते हुए लिखा कि, “झारखंड के एक करदाता के रूप में सिर्फ यह जानना चाहती हूं कि झारखंड में इतने सालों से बिजली संकट क्यों है? हम होशपूर्वक यह सुनिश्चित करके अपनी भूमिका निभा रहे हैं कि हम ऊर्जा की बचत करें।” साक्षी सिंह रावत के ट्वीट पर सोशल मीडिया यूजर भी दो धड़े में बंटे हुए हैं। कई उनकी मांग को जायज ठहरा रहे हैं तो कई सोशल मीडिया यूजर साक्षी की आलोचना कर रहे हैं।
साक्षी धोनी के ट्वीट पर लक्ष्मण नाम के ट्विटर यूजर ने लिखा कि, “पावर कट से इतनी परेशानी? सोचो भाभी जिनको फ्लैट नहीं मिला है उनकी जिंदगी में कितना अंधेरा होगा?” वहीं आदित्य नाम के ट्विटर यूजर ने लिखा कि, “जब झारखंड को बिहार से अलग किया गया, तो बताया गया कि यह नई ऊंचाइयों को छुएगा। आज बिहार कई मायनों में झारखंड से काफी आगे है। सभी औद्योगिक और खनन क्षमताओं के बावजूद, यहां स्थिति दयनीय है।”
वहीं कुमार हर्ष नाम के ट्विटर यूजर ने हेमंत सोरेन से सवाल पूछते हुए लिखा कि, “हमारे प्यारे सीएम हेमंत सोरेन साहब, कृपया झारखंड के लोगों को जवाब दें। राजधानी रांची को भी 15 घंटे से भी कम समय के लिए बिजली मिल रही है, क्यों?” वहीं साहिल नाम के ट्विटर यूजर ने लिखा कि, “कोयला होने के बावजूद, हमारे पास राज्य सरकार के अधीन राज्य में कोई नया विद्युत संयंत्र नहीं है। सरकार के पास एकमात्र तेनुघाट है। इसकी क्षमता 1 जिले को भी बिजली देने के लिए पर्याप्त नहीं है। पतरातू पहले ही बिक चुका है। तिलैया यूएमपीपी धूल फांक रही है।”
वहीं पी कुमार नाम के ट्विटर यूजर ने लिखा कि, “यह मुफ्त तकनीक, चोरी, संबंधित विभाग के शीर्ष अधिकारियों द्वारा कुप्रबंधन और मौजूदा राजनेताओं के समर्थन के कारण है।”