शराबी के मांगने पर शराब पीने के लिए गिलास न देना शराबी को अखर गया। इसी बात पर खफा होकर उसने 65 साल के एक पुजारी की हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने उसी जगह बैठकर शराब पी और इसके बाद उसकी कुटिया में सोने के लिए चला गया। अब पुलिस ने इस हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला झारखंड का है। झारखंड के बेरो पुलिस थाना के प्रभारी जितेंद्र कुमार रमन ने मीडिया को बताया कि हत्या के आरोपी का नाम विकास महली है। वह 19 साल का है। विकास हरिहरपुर के जामटोली गांव का रहने वाला है। शुक्रवार (31 अगस्त) को उसने अपने माता-पिता का पैसा चुराया था। इसी पैसे से उसने दो बोतल देसी शराब खरीदी थी। शराब पीने के लिए वह मंदिर में चला गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी विकास महली ने 65 वर्षीय पुजारी रामकेश्वर मांझी उर्फ पहाड़ी बाबा से शराब पीने के लिए गिलास मांगा। रामकेश्वर मांझी मंदिर के पास ही कुटिया बनाकर रहा करते थे। पुजारी ने शराब के लिए गिलास देने से इंकार कर दिया और उसे चाकू दिखाकर डराने की कोशिश की। इसी बीच दोनों में हाथापाई होने लगी और चाकू पुजारी के हाथ से नीचे गिर गया। आरोपी युवक ने चाकू उठा लिया और पुजारी पर हमला बोल दिया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हमलावर विकास महली ने पुजारी पर चाकू से कई बार वार किया। इसके बाद उसने पुजारी को मरा हुआ समझकर उसका सिर काट दिया फिर वहीं बैठकर शराब पी। इसके बाद आरोपी पुजारी की झोपड़ी में जाकर सो गया। आरोपी को अपने अपराध का अहसास तब हुआ, जब वह शनिवार को सोकर उठा। उसने चुपचाप लाश को ठिकाने लगाने के बारे में सोचा। इसके बाद उसने लाश और कटे हुए सिर को उठाया और करीब 100 गज दूर स्थित बरगद के पेड़ के नीचे जाकर गाड़ दिया।
रविवार की सुबह जब गांव के लोगों को पुजारी का कोई सुराग नहीं मिला। कुछ देर बार आरोपी विकास महली ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने कहा कि मुझसे एक पाप हो गया है। इसके बाद गांव वालों ने आरोपी की पिटाई की और उसे पेड़ से बांध दिया। इसके बाद आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने गड़े हुए शव को बरामद कर लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार को भी जब्त कर लिया है। इसके साथ ही गड्ढा खोदने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला औजार भी जब्त किया गया है। आरोपी को गिरफ्तारी के बार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।