झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने महंगाई के मुद्दे पर मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा है कि अगर महंगाई पर काबू नहीं पाया गया तो बाल विवाह और भ्रूण हत्या के मामले बढ़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि इसके कारण बेटी बचाओ अभियान चौपट हो सकता है।

झारखंड सीएम हेमंत सोरेन ने ये बातें विधानसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा- “बाल विवाह बढ़ेगा, भ्रूण हत्याएं बढ़ेंगी। कुव्यवस्था जैसे महिला-बच्चे लड़की बोझ हैं, मार दो। ऐसी घटनाएं बढ़ेंगी, महंगाई बढने से”।

सीएम सोरेन ने आगे कहा कि और क्षेत्रों में तो अराजकता बढ़ेगी ही। लड़कियों को लेकर जो लड़ाई हमलोग आजादी के बाद से अबतक लड़ रहे हैं। वो सब खत्म हो जाएगा। उन्होंने कहा- “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ सारा खत्म हो जाएगा”।

झारखंड के मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि महंगाई ऐसी ही बढ़ती रही तो वो दिन दूर नहीं होगा जब लोग बेटियों को बोझ समझने लगेंगे। उन्हें कोई नहीं पढ़ाएगा। अगर लोगों के पास पैसा नहीं रहेगा तो वो किसका बोझ उठाएंगे, बेटी का या बेटे का? सीएम सोरेन ने कहा कि महंगाई से आदिवासी और पिछड़े वर्ग के लोग काफी परेशान हैं। उन्हें अभी ही परिवार चलाने में कठिनाई हो रही है, अगर हालत नहीं सुधरे तो स्थिति बहुत खराब हो सकती है, जिसका सबसे ज्यादा असर लड़कियों पर देखने को मिल सकता है।

बता दें कि देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है। पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों से लोग परेशान हैं और सरकार से महंगाई पर काबू पाने की अपील कर रहे हैं। हाल ही में पांच राज्यों में चुनाव के खत्म होते ही फिर से पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ने लगी हैं। विपक्ष इस मामले पर सरकार को लगातार घेर रहा है, लेकिन कीमतों का बढ़ना जारी है।

सरकार का कहना है कि तेल की कीमतों पर उसका नहीं, कंपनियों का नियंत्रण है, इसलिए वो कीमतें कम नहीं कर सकती है। वहीं विपक्ष का कहना है कि चुनाव के समय में कैसे कीमतें रुक जाती हैं और चुनाव के बाद बढ़ने लगती हैं।