झारखंड के दुमका में शुक्रवार तड़के सुबह स्थानीय लोगों ने एक 14 वर्षीय आदिवासी लड़की को पेड़ से लटका पाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया है। पुलिस उप महानिरीक्षक सुदर्शन मंडल ने बताया कि लड़की के साथ कथित तौर पर बलात्कार किया गया और उसके बाद लड़की की हत्या कर दी गई। इस घटना में आरोपी अरमान अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
लड़की अपनी चाची के साथ दुमका में रहती थी और वहीं पर उसे अरमान अंसारी के साथ प्यार हो गया। उसके बाद अरमान अंसारी ने उसका यौन शोषण किया और वह गर्भवती हो गई। बताया जाता है कि लड़की ने गर्भवती होने के बाद अरमान अंसारी से शादी करने के लिए कहा तो अरमान अंसारी ने रेप करने के बाद उसकी हत्या कर दी। पुलिस यह पता लगाने के लिए ऑटोप्सी रिपोर्ट का इंतजार कर रही है कि क्या उसे पहले मारा गया और आत्महत्या दिखाने के लिए पेड़ से लटका दिया गया?
वहीं इस घटना के बाद झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार विपक्ष के निशाने पर है। दुमका की घटना पर राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी दुख प्रकट किया। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, “दुमका में हुई घटना से मर्माहत हूँ। उक्त मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है साथ ही मैंने दुमका पुलिस को न्याय सुनिश्चित करने हेतु सख्त कानूनी कदम उठाने का निर्देश दिया है। परमात्मा दिवंगत बिटिया को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवार को यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दे।”
झारखंड के बीजेपी नेता और विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सोरेन पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, “सुना है कल आप अरमान अंसारी के जेहाद की शिकार संताल आदिवासी बच्ची के घर मिलने दुमका आ रहे हैं। जानना चाहता हूं, आप किस भय से अभियुक्त का नाम लेने से बच रहे हैं? हादसा कल ही पुलिस के संज्ञान में आ गया था। ये आपको बताया गया था या नहीं? मुंह खोलने के लिये किसका इंतज़ार कर रहे थे?उम्मीद है इन सवालों का जवाब कल दुमका में आप ज़रूर दीजियेगा।”
बता दें कि झारखंड के दुमका में अंकिता का मामला शांत नहीं हुआ था कि एक और घटना सामने आ गई। कुछ दिन पहले एकतरफा प्यार में शाहरुख नाम के लड़के ने अंकिता पर पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया था। बाद में अस्पताल में उसकी मृत्यु हो गई थी। घटना में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी शाहरुख भी पुलिस की गिरफ्त में है।