झारखंड के दुमका इलाके में रविवार की सुबह सुरक्षाबलों ने दो नक्सलियों को ढेर कर दिया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक शिकारीपाड़ा के छातूपाड़ा पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इसके बाद सर्च ऑपरेशन के दौरान शव बरामद किए गए। मारे गए एक नक्सली पर एसपी को गोली मारने का भी आरोप था। सुरक्षा बलों को सूचना मिली थी कि छातूपाड़ा के जंगलों में नक्सली जुटे हैं। इसके बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची तो नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने बरामद किए हथियारः इसके अलावा पुलिस ने मौके से एक इंसास और एके-47 राइफल बरामद की। इस दौरान दो जवानों को भी गोली लगने की खबर मिली है। दुमका रेंज के डीआइजी राजकुमार लकड़ा मुठभेड़ में दो नक्सलियों के मारे जाने की सूचना दी लेकिन उन्होंने इससे ज्यादा कोई भी जानकारी देने से इनकार कर दिया।
15 लाख का इनामी था नक्सलीः एक शव की शिनाख्त नक्सली सहदेव राय के रूप में हुई। घटनास्थल पर कई जगहों पर खून के धब्बे भी पाए गए। डीआईजी लकड़ा का कहना है कि अभी कार्रवाई चल रही है। पूरी कार्रवाई होने के बाद ही कुछ बताया जा सकता है। 15 लाख रुपए के इनामी नक्सली सहदेव राय ने ही पाकुड़ के एसपी अमरजीत बलिहार को गोली मारी थी। दूसरे शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
गिरीडीह में भी हुई थी मुठभेड़ः उल्लेखनीय है कि इससे पहले शनिवार को सुबह गिरीडीह के कुबड़ी जंगल में भी नक्सलियों और सुरक्षाकर्मियों की मुठभेड़ हुई थी। वहां भी पुलिस और सीआरपीएफ ने चारों ओर से घेराबंदी कर रखी है। इन इलाकों में नक्सलियों का खासा खौफ है।