झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। राज्य में गुटखा-पान मसाला पर पूरी तरह से बैन लगा दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने इसे लेकर नोटिफिकेशन जारी किया है। इस आदेश के बाद झारखंड के बाजारों में किसी भी नाम से तंबाकू या निकोटिन युक्त गुटखा और पान मसाला के निर्माण, भंडारण, बिक्री और वितरण पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है।

अपर मुख्य सचिव सह राज्य खाद्य सुरक्षा आयुक्त अजय कुमार सिंह ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। जन स्वास्थ्य के हित में आदेश जारी होने की तिथि से यह प्रतिबंध लागू रहेगा। यह प्रतिबंध नोटिफिकेशन जारी होने की तारीख से अगले एक साल तक के लिए प्रभावी होगा। बताया गया है कि स्थिति की समीक्षा के बाद प्रतिबंध की अवधि आगे भी बढ़ाई जाएगी।

झारखंड में अब गुटखा बेचना और इसका सेवन दोनों अपराध

नए आदेश के तहत झारखंड में अब गुटखा बेचना और इसका सेवन दोनों अपराध होगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 30 (2) (ए) और खाद्य सुरक्षा एवं मानक (बिक्री पर प्रतिषेध एवं प्रतिबंध) विनियम, 2011 के विनियम 2, 3 और 4 के अंतर्गत आदेश जारी किया गया है।

पढ़ें- देशभर के मौसम का हाल

इस नॉटिफिकेशन को आम जनता की जानकारी और उन्हें इस आदेश के प्रति जागरूक करने के लिए मीडिया के माध्यम से प्रसारित करने के निर्देश दिये गये हैं। झारखंड सरकार की ओर से सरकारी मुद्रणालय, डोरंडा के नोडल पदाधिकारी को (ई-गैजट) प्रकाशित करने के लिए नॉटिफिकेशन की ओरिजिनल कॉपी भेजी गयी है ताकि इसे आदेश के रूप में अन्य विभागों के बीच भी लागू कराया जा सके।

दुकान में गुटखा और पान मसाला बेचने पर होगी कार्रवाई

झारखंड में इसके पहले साल 2020 में भी गुटखा और पान मसाला के 11 ब्रांडों पर प्रतिबंध लगाया गया था, जो साल 2023 के जून महीने तक प्रभावी था। इस बार गुटखा के साथ-साथ निकोटिन और तंबाकू युक्त सभी तरह के पान मसाला पर प्रतिबंध लगाया गया है। किसी भी दुकान में गुटखा और तंबाकू या निकोटिन युक्त पान मसाला बिकता हुआ पाया गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कौन होगा दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री?

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. अंसारी ने कहा, “स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गुटखा और पान मसाले के कारण कैंसर जैसी घातक बीमारी तेजी से बढ़ रही है। हमारे युवा धीरे-धीरे मौत की ओर बढ़ रहे हैं और मैं अपनी आंखों के सामने उन्हें मरते नहीं देख सकता। एक डॉक्टर होने के नाते मैं जानता हूं कि यह जहर किस हद तक शरीर को बरबाद कर सकता है। जनता ने मुझे स्वास्थ्य मंत्री बनाया है तो मेरा पहला कर्तव्य उनके जीवन की रक्षा करना है।” पढ़ें- देश दुनिया की तमाम बड़ी खबरों के लेटेस्ट अपडेट्स