झारखंड में विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं। इसी के साथ राज्य में लोक-लुभावन वादों का दौर भी शुरू हो गया है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को ऐलान किया कि देश के लिए बलिदान देने वाले अग्निवीरों के परिवार को झारखंड पुलिस के बराबर सम्मान दिया जाएगा।

उन्होंने इसके साथ ही राज्य में गरीब परिवारों के बकाया बिजली बिल माफ करने का भी ऐलान किया है। इस दौरान जब उनसे चंपई सोरेन से संबंधित सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आ रहे हैं, ऐसे में ये सब चीजें होंगी। हम इसके बारे में विस्तार से बात करेंगे।

किसके बिजली बिल होंगे माफ? झारखंड सरकार ने गुरुवार को कहा कि उसने 200 यूनिट मुफ्त बिजली योजना से लाभान्वित होने वाले लगभग 39.44 लाख उपभोक्ताओं के लिए 3,584 करोड़ रुपये का बिजली बकाया माफ करने का फैसला किया है। मंत्रिमंडल सचिव वंदना डाडेल ने कहा, “मंत्रिमंडल की इस मंजूरी के बाद अब इन उपभोक्ताओं को बकाया बिल चुकाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।”

BJP को कितना फायदा करवाएंगे चंपई सोरेन? कोल्हान पर नजर; आदिवासियों के गढ़ में ‘घुसपैठियों’ को बनाएंगे मुद्दा

अग्निवीर सैनिकों के लिए क्या फैसला हुआ?

झारखंड सरकार ने ड्यूटी या सैन्य अभियानों के दौरान बलिदान देने वाले झारखंड के अग्निवीर सैनिकों के परिवारों के लिए 10 लाख रुपये का अनुग्रह भुगतान और सरकारी नौकरी में शामिल करने का फैसला किया है। अन्य फैसलों में में आंगनवाड़ी पोषण सखियों और रसोइयों के लिए पारिश्रमिक अवधि को 10 से बढ़ाकर 12 महीने करना शामिल है। इस उद्देश्य के लिए 31.71 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।

मंत्रिमंडल ने छह जिलों- धनबाद, दुमका, गिरिडीह, चतरा, कोडरमा और गोड्डा में 10,388 पोषण सखियों की पुनर्नियुक्ति को भी मंजूरी दी। इसके साथ ही झारखंड वक्फ नियमन 2024 को हरी झंडी दे दी गई। सोरेन ने पत्रकारों से कहा कि उनकी सरकार आदिवासियों, दलितों, गरीबों और महिलाओं के बारे में सिर्फ बात नहीं करती, बल्कि अपनी प्रतिबद्धता भी निभाती है। (भाषा)