लखनऊ कोर्ट में बुधवार को हुई फायरिंग में एक बच्ची भी जख्मी हुई थी, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार (8 जून, 2023) को केजीएमयू अस्पताल में बच्ची का हाल-चाल लिया। बच्ची को कल यहां भर्ती करवाया गया था। मुख्यमंत्री बच्ची से मिलने के लिए अस्पताल गए तो उसके लिए चॉकलेट और टॉफी भी लेकर गए। उन्होंने डॉक्टरों से मिलकर उसके स्वास्थ्य के बारे में पूछा।
कल कोर्ट में मुख्तार अंसारी के सहयोगी संजीव माहेश्वरी उर्फ जीवा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस दौरान, यहां एक बच्ची और उसकी मां भी घायल हो गए थे। बच्ची की एक्स-रे रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें दिखाई दे रहा है कि उसके सीने में गोली लगी है। बच्ची फिलहाल केजीएमयू में भर्ती है। मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों से मिलकर बच्ची के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
कल कोर्ट में गोली चलाने वाले हमलावर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर वकील की पोशक पहनकर कोर्ट पहुंचा था और 6 राउंड फायरिंग की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जीवा को एक मामले में सुनवाई के लिए अदालत लाया गया था जहां अज्ञात हमलावर ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस हमले में दो साल की एक बच्ची और एक पुलिस कांस्टेबल को भी गोली लगी है।
जीवा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले का निवासी था और लखनऊ की जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। उस पर बीजेपी विधायक कृष्णानंद राय और उत्तर प्रदेश में भाजपा के मंत्री ब्रह्म दत्त द्विवेदी की हत्या का आरोप था। उस पर हत्या, धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र के दो दर्जन मामले दर्ज थे।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार हमलावर की पहचान विजय यादव के रूप में हुई है और उसकी उम्र 24 साल है। वह जौनपुर जिले के केराकत पुलिस थाना अंतर्गत सर्की सुल्तानपुर गांव का निवासी है। पीटीआई के मुताबिक, उस क्षेत्र के क्षेत्राधिकारी गौरव शर्मा ने बताया कि विजय लखनऊ में प्लंबर का काम करता था। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि यादव के खिलाफ दो आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें से एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला है।
आरोप है कि उसने शादी के लिए एक नाबालिग लड़की का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया था। उन्होंने बताया कि विजय के खिलाफ दूसरा मामला सरकारी काम में बाधा पहुंचाने के आरोपों से जुड़ा है, जो 2020 में केराकत पुलिस थाने में दर्ज किया गया था। राज्य सरकार के अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना की जांच के लिए तीन सदस्यीय विशेष कार्य बल गठित करने का निर्देश दिया है और एसआईटी को एक सप्ताह के भीतर जांच पूरी करने को कहा गया है।