बिहार में नेताओं के बीच जैसे टकराव का मौसम आ गया है। एक तरफ राष्ट्रीय जनता दल में पार्टी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के बेटे तेज प्रताप यादव ने अपनी ही पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है तो दूसरी तरफ भागलपुर ज़िले के गोपालपुर विधानसभा सीट से जदयू विधायक नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल ने बिहार के उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद पर गंभीर आरोप लगाकर नया विवाद खड़ा कर दिया। उन्होंने भाजपा के आला नेताओं से उन्हें पद से हटाने तक की अपील कर दी है।

कहा कि वे भागलपुर आते है तो गठबंधन धर्म नहीं निभाते। कहा कि “मैं जदयू  का विधायक हूं। मगर मुझे नहीं ढूंढते बल्कि लोजपाइयों से घिरे रहते है। उन्हीं के साथ घूमते है। वे भागलपुर में उगाही करने आते है।” एनडीए उम्मीदवार के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले लोजपा प्रत्याशी राजेश वर्मा के साथ घूमते है। उनके घर भोजन करते है। वे सोने-चांदी का बड़ा व्यापारी है। सोना का ढेला उन्हें दे देगा तो क्या फर्क पड़ेगा।दूसरी तरफ उनके आरोपों पर भाजपा जिलाध्यक्ष रोहित पांडे ने प्रेस कांफ्रेंस कर कड़ा विरोध जताया।         

जदयू विधायक गोपाल मंडल अपने विवादित बयानों के लिए हमेशा सुर्खियों में रहे है। शनिवार को बकायदा अपने आवास पर प्रेस कांफ्रेंस कर उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद पर जुबानी हमला बोला। उपमुख्यमंत्री बनने के बाद तारकिशोर प्रसाद शुक्रवार (20 अगस्त को) दूसरी दफा भागलपुर दौरे पर आए। यहां नाथनगर में उनकी ससुराल है। इस दौरान अधिकारियों के साथ बैठक की। बाढ़ पीड़ित शिविर का मुआयना कर उनके हालचाल लिए। साथ ही नगर निगम उपमहापौर राजेश वर्मा के आवास गए।

जदयू  विधायक गोपाल मंडल ने बड़ा बयान देते हुए बिहार के उप मुख्यमंत्री पर निशाना साधा है। विधायक ने कहा कि उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद भागलपुर पैसा उगाही करने के लिए आते हैं। गोपाल मंडल ने कहा कि उपमुख्यमंत्री वैसे लोगों के साथ रहते हैं  जिन्होंने पिछले विधानसभा चुनाव में एनडीए प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ा था। उन्होंने कहा कि “उपमुख्यमंत्री जब जब भागलपुर आते हैं लोजपाइयों, बनिया वर्ग और मालदार पार्टी के साथ घूमते हैं। लोजपा के सुरेश भगत और राजेश वर्मा पर ज्यादा ध्यान देते हैं। जिन्होंने चुनाव में एनडीए का विरोध किया। उसके घर में वह भोजन भी करते हैं।”       

कहा कि जब वे यहां आते हैं, हमको नहीं खोजते हैं। बिना हमारी जानकारी के वह मेरे क्षेत्र में घूमते हैं। इससे हमारे क्षेत्र के लोगों को भी खराब लगता है। इस तरह की बयानबाजी से एनडीए घटक दल में रोष है। भागलपुर भाजपा जिलाध्यक्ष रोहित पांडे ने भी देर शाम प्रेस कांफ्रेंस कर जदयू के आला नेताओं से अपने बड़बोले विधायक गोपाल मंडल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।           

भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि “वे मुझे भी कई दफा उन्होंने फोन कर अपशब्द कहे है। मगर मैंने उनकी बातों का कभी नोटिस नहीं लिया। मगर आज तो हदें पार कर गए। उपमुख्यमंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता तारकिशोर प्रसाद के खिलाफ ही अनर्गल बोल गए। जो बर्दाश्त के बाहर है। भाजपाई दुखी है। जदयू अपने विधायक को काबू में रखें और फौरन कार्रवाई करें। जाहिर है जदयू विधायक के बड़बोलेपन की वजह से एनडीए गठबंधन में तलबारें खिंची जा रही है।